ठाणे में सुबह-सुबह मची अफरतफरी: अलग-अलग घटनाओं में कार और ट्रक बने आग का गोला, मची चीख-पुकार

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 04:45 PM (IST)

Maharashtra Vehicle Fire : महाराष्ट्र के ठाणे शहर में आज सुबह-सुबह दो अलग-अलग हादसों में एक कार और एक ट्रक में भीषण आग लग गई। इन दोनों ही घटनाओं के दौरान मौके पर चीख-पुकार मच गई लेकिन गनीमत यह रही कि दोनों वाहनों में सवार कुल पांच लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। स्थानीय आपदा प्रबंधन और दमकल विभाग की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।

क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी के अनुसार सुबह 4:06 बजे मुंबई-नासिक राजमार्ग पर साकेत पुल के पास चार दोस्तों को ले जा रही कार में अचानक आग लग गई। उन्होंने बताया, जैसे ही वाहन से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं चालक ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया और उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। 

वहीं अधिकारी ने बताया कि आग लगने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब 4:54 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। एक अन्य घटना में सुबह 4:33 बजे कैसलमिल नाका स्थित अंबेघोसाले झील के पास खड़े एक ट्रक में आग लग गई। 

तड़वी ने बताया कि आग से ट्रक के चालक केबिन को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि इस घटना में भी कोई घायल नहीं हुआ और दमकलकर्मियों ने सुबह 5:05 बजे तक आग बुझा दी। अधिकारियों के मुताबिक दोनों आग लगने की घटनाओं के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi