ट्विटर के नए CEO पराग अग्रवाल को मिलेगा बड़ा पैकेज, इतनी होगी एक दिन की सैलरी

punjabkesari.in Tuesday, Nov 30, 2021 - 04:14 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय मूल के पराग अग्रवाल ट्विटर (Twitter) के नए CEO बन गए हैं। दुनियाभर में चर्चित सोशल मीडिया साइट के सह-संस्थापक जैक डॉर्सी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का पद छोड़ने के बाद पराग अग्रवाल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुंदर पिचाई, सत्य नडेला, अरविंद कृष्णा और शांतनु नारायण की तरह पराग अग्रवाल एक और ऐसे भारतीय मूल के शख्स हैं जिन्हें एक बड़ी मल्टी नंशनल कंपनी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यहां आपको बता दें कि सीईओ पराग अग्रवाल की सैलरी करोड़ों में होगी।

 

एक दिन की होगी इतनी सैलरी
पराग अग्रवाल को एक मिलियन डॉलर (7,50,54,500 रुपए) का वार्षिक पैकेज मिलेगा। इस हिसाब से उनकी एक महीने की सैलरी 62 लाख 54 हजार 541 रुपए के करीब होगी। पराग एक दिन का करीब 2 लाख 5 हजार 628 रुपए की कमाई करने वाले शख्स होंगे। इसके अलावा उन्हें बोनस के साथ प्रतिबंधित शेयर यूनिट (restricted share unit) समेत 12.5 मिलियन डॉलर मूल्य के प्रदर्शन-आधारित स्टॉक यूनिट भी दिए जाएंगे। एक रिपोर्ट के अनुसार, 37 साल के पराग अग्रवाल की कुल आय 1.52 मिलियन डॉलर के आसपास है। वे इस समय ट्विटर के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (CTO) हैं। पराग साल 2011 में ट्विटर कंपनी से जुड़े थे और 2017 से CTO की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अग्रवाल जब कंपनी में शामिल हुए थे तब उसके कर्मचारियों की संख्या 1,000 से भी कम थी।

 

IIT बॉम्बे से पास आउट हैं पराग
पराग अग्रवाल ने IIT -मुंबई से पढ़ाई की है और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के भी छात्र रहे हैं। IIT मुंबई से उन्होंने बैचलर्स इन इंजीनियरिंग किया। इसके बाद वह पढ़ाई के लिए अमेरिका चले गए थे। अमेरिका जाने के बाद उन्होंने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की।

 

इन कंपनियों में कर चुके हैं काम
ट्विटर से जुड़ने से पहले पराग अग्रवाल ने कुछ समय के लिए माइक्रोसॉफ्ट, एटीएंडटी (AT&T) और याहू के लिए भी काम किया है। तीनों कंपनियों में इन्होंने मुख्य रूप से रिसर्च संबंधी काम किए। ट्विटर में बतौर सीटीओ पराग ने 'ट्विटर की तकनीकी रणनीति और उपभोक्ता, राजस्व और विज्ञान टीमों में मशीन लर्निंग और एआई की देखरेख' में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

 

2015 में विनीता से की थी शादी
पराग के निजी जीवन की बात करें तो उन्होंने विनीता अग्रवाल से शादी की है। पराग और विनीता अक्तूबर 2015 में सगाई करने के बाद जनवरी 2016 में शादी के बंधन में बंधे थे। फिलहाल, पराग पत्नी के साथ कैलिफॉर्निया के सैन फ्रांसिस्को में रहते हैं और उनका एक तीन साल का बेटा भी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News