Trump on tariffs: जैसा भारत, वैसा अमेरिका! ट्रंप का नया ट्रेड फॉर्मूला: जितना शुल्क भारत लगाएगा, हम भी वही लगाएंगे

punjabkesari.in Friday, Feb 14, 2025 - 08:28 AM (IST)

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अमेरिका अब व्यापार में परस्परता (रिसिप्रोसिटी) की नीति अपनाएगा। यानी, अगर कोई देश अमेरिका पर कोई शुल्क लगाता है, तो अमेरिका भी उस पर वैसा ही शुल्क लगाएगा। ट्रंप ने स्पष्ट किया, "अगर भारत या कोई अन्य देश कम शुल्क लगाता है, तो हम भी उतना ही लगाएंगे। जो भी शुल्क भारत लगाएगा, हम भी वही लगाएंगे।"

उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका को यूरोपीय संघ और चीन के साथ व्यापार में भारत की तुलना में अधिक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि वहां अनुचित व्यापार नीतियां और ऊंचे शुल्क हैं। ट्रंप ने चीन पर सख्त रुख अपनाने की बात दोहराते हुए कहा, "जब तक मैं राष्ट्रपति नहीं बना, तब तक हमने चीन से एक पैसा भी नहीं लिया था। लेकिन अब हमने उनसे सैकड़ों अरब डॉलर हासिल किए हैं।"

भारत को लेकर उन्होंने बताया कि उनके पहले कार्यकाल में शुल्कों में कटौती को लेकर बातचीत सफल नहीं हो सकी। इसलिए अमेरिका ने अब सीधी नीति अपनाने का फैसला किया है। ट्रंप ने कहा, "पहले मैंने भारत से कहा था कि उनके शुल्क बहुत ज्यादा हैं, लेकिन कोई रियायत नहीं मिली। इसलिए अब हम इसे आसान बना रहे हैं—भारत जो भी शुल्क लगाएगा, हम भी वही लगाएंगे।"  

PunjabKesari

इससे पहले  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट किया, " राष्ट्रपति ट्रम्प अक्सर MAGA के बारे में बात करते हैं। भारत में, हम एक विकसित भारत की दिशा में काम कर रहे हैं, जिसका अमेरिकी संदर्भ में अर्थ MIGA है और साथ मिलकर, भारत-अमेरिका समृद्धि के लिए एक मेगा साझेदारी कर रहे हैं।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News