रेलिंग तोड़कर फ्लाईओवर से नीचे गिरा ट्रक, चालक की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 03:21 PM (IST)

नेशनल डेस्कः महाराष्ट्र के नासिक जिले में फ्लाईओवर से करीब 30 फुट नीचे सहायक मार्ग पर गिरकर एक ट्रक के पलट जाने से उसके चालक की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार दोपहर सिन्नर-शिर्डी राजमार्ग पर हुआ। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में ट्रक फ्लाईओवर पर अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिरते और फिर सड़क पर पलटते दिखाई दे रहा है।

पुलिस ने बताया कि सामान से लदा यह ट्रक नासिक से शिर्डी जा रहा था। मुसलगांव बाईपास के निकट पहुंचने पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक फ्लाईओवर की रेलिंग से टकराया और करीब 25-30 फुट नीचे स्थित सहायक मार्ग पर जा गिरा। उन्होंने बताया कि हादसे के समय सहायक मार्ग पर कोई अन्य वाहन मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक चालक की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी 56 वर्षीय रवजीभाई मंजीभाई भांडेनिया के रूप में हुई है। दुर्घटना में ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने बताया कि सिन्नर एमआईडीसी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News