Heavy Rain: अगले 24 घंटे आफत वाले, हो जाइए अलर्ट! आसमानी बिजली की गड़गड़ाहट के साथ बरसेंगे ओले और जमकर होगी बरसात
punjabkesari.in Friday, Jul 25, 2025 - 09:41 AM (IST)

नेशनल डेस्क। सावन माह के बीच देश के मौसम में अचानक बड़ा बदलाव आया है। उत्तर और दक्षिण भारत के अधिकतर राज्यों में मानसूनी बारिश का दौर जारी है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के लिए कई राज्यों में बारिश का अनुमान जताया है।
दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ा, मुंबई में सड़कें जलमग्न
राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है और निचले इलाकों में पानी घुसना शुरू हो गया है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से यमुना में पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर के और ऊपर जाने की आशंका है जिसके चलते प्रशासन ने कई इलाकों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है।
वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बारिश ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। सड़कों पर पानी भरने के कारण यातायात में भारी परेशानी आ रही है जिससे मुंबईकरों को आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
विभिन्न राज्यों में बारिश का अनुमान: IMD की चेतावनी
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार:
-
हल्की बारिश: दिल्ली, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कच्छ, पश्चिमी राजस्थान और तमिलनाडु में अगले 24 घंटों में हल्की बारिश की संभावना है।
-
मध्यम से तेज बारिश: कर्नाटक, गोवा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, विदर्भ और उत्तरी पंजाब के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश की आशंका जताई गई है।
-
हल्की से मध्यम बारिश: हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, केरल, उत्तरी कोंकण और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश का हाल
-
बिहार: मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पटना सहित आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ वज्रपात और कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश की संभावना है। अररिया, किशनगंज, बांका, जमुई और भागलपुर में भारी बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।
-
उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में आज भारी बारिश का अनुमान है। पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अति तेज बारिश होने की संभावना है। देहरादून में भी आज आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के आसार हैं।
-
हिमाचल प्रदेश: IMD के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन कल शनिवार (26 जुलाई, 2025) से दोबारा वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इस कारण मौसम विभाग ने मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।