त्रिपुरा विधानसभा चुनावः PM मोदी आज 2 रैलियों को करेंगे संबोधित, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें
punjabkesari.in Saturday, Feb 11, 2023 - 05:11 AM (IST)

नेशनल डेस्कः त्रिपुरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री माणिक साहा, भाजपा के राज्य चुनाव प्रभारी महेश शर्मा और पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य यहां महाराजा बीर बिक्रम (एमबीबी) हवाईअड्डे पर प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगे। उन्होंने बताया कि मोदी धलाई जिले के अंबासा में दोपहर 12 बजे के आसपास पहली रैली को संबोधित करेंगे और दूसरी रैली को गोमती में अपराह्न तीन बजे संबोधित करने की संभावना है।
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज झारखंड पहुंचेंगे, हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की करेंगे शुरुआत
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को झारखंड की यात्रा करेंगे और पार्टी की राज्य इकाई के व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम ‘हाथ से हाथ जोड़ो' की शुरुआत करेंगे। पार्टी के एक नेता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। वह राज्य की राजधानी रांची से करीब 400 किलोमीटर दूर साहेबगंज जिले में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में गुमानी मैदान से 60 दिवसीय ‘हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान की शुरुआत करेंगे।
जी-20 प्रतिनिधियों का आगरा में शाही अंदाज में स्वागत
उत्तर प्रदेश की ताजनगरी आगरा में पधारे जी-20 देशों के प्रतिनिधियों का शुक्रवार शाम शाही अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से शिल्पग्राम तक विदेशी मेहमानों को आलीशान बग्घी में ले जाया गया। रास्ते में फूल बरसाए गए। ब्रज नृत्य भी प्रस्तुत किया गया। शहनाई वादन की गूंज के बीच बच्चों ने 20 देशों के झंडे लहराए। मेहमानों पर 14 चौराहों पर गेंदे और गुलाब के फूलों की बारिश की गई। दस चौराहों पर रंगोली सजाई गई। मयूर नृत्य से लेकर बृज की संस्कृति से मेहमानों को रूबरू कराया गया।
विदेश मंत्रालय की नौकरशाही में फंसी फाइल, मालीवाल को याद आईं सुषमा स्वराज
हार्वर्ड विश्वविद्यालय जाने के लिए विदेश मंत्रालय से मंजूरी का इंतजार कर रहीं दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की कार्यशाली की कमी महसूस हो रही है। डीसीडब्ल्यू ने यहां जारी बयान में कहा कि अमेरिका स्थित हार्वर्ड विश्व विद्यालय ने मालीवाल को अपने वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करने के लिए मालीवाल को आमंत्रित किया है। इससे संबंधित फाइल दिल्ली सरकार ने 16 जनवरी को भेजी गई जहां से उसे 18 जनवरी को मंजूरी के लिए दिल्ली के उप राज्यपाल वी.के.सक्सेना को भेजा गया।
शाह का सुरक्षा कारणों से मेंगलुरु में रोड शो रद्द
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का यहां शनिवार को प्रस्तावित रोड शो सुरक्षा कारणों से रद्द कर दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थानीय इकाई ने यह जानकारी दी। शाह दिन में पुत्तूर तालुका में कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके शाम को मेंगलुरु पहुंचने की संभावना है। भाजपा दक्षिण कन्नड़ जिला इकाई ने शहर में एक रोड शो आयोजित करने की योजना बनाई थी।
14 फरवरी को अब नहीं मनेगा 'काउ हग डे, विरोध के बाद वापस ली गई अपील
भारतीय पशु कल्याण बोर्ड (एडब्ल्यूबीआई) ने शुक्रवार को कहा कि उसने सरकार के निर्देश के बाद 14 फरवरी को 'काउ हग डे' (गौ गला लगाओ दिवस के रूप में) मनाने की अपनी अपील वापस ले ली है। अपील वापस लेने के ठीक एक दिन पहले केंद्रीय मंत्री परषोत्तम रूपाला ने कहा था कि यह अच्छा होगा अगर लोग बोर्ड द्वारा 14 फरवरी को 'काउ हग डे' के रूप में मनाने के लिए दिए गए आह्वान पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दें। 14 फरवरी को दुनिया भर में वैलेंटाइन डे के रूप में मनाया जाता है।
'भगवान करें कि किसी से ऐसी गलती न हो' अशोक गहलोत के पुराने बजट पढ़ने पर निर्मला सीतारमण ने ली चुटकी
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राजस्थान विधानसभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा बजट भाषण की शुरुआत में पुराने बजट से कुछ पंक्तियां पढ़े जाने के विषय का उल्लेख शुक्रवार को लोकसभा में किया और कटाक्ष करते हुए कि ‘‘भगवान करें कि किसी से ऐसी गलती न हो।
राज्यसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठीं दिखी एथलीट पीटी उषा
देश की महान एथलीट पीटी उषा की राज्यसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठीं एक तस्वीर आई सामने आई है जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। दरअसल, गुरुवार को सभापति और उपाध्यक्ष जगदीप धनखड़ की अनुपस्थिति में राज्यसभा की कार्यवाही को पीटी उषा ने संभाला। जिसके बाद पीटी उषा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक छोटी क्लिप भी पोस्ट की जिसमें उन्होंने बताया कि उस समय वह क्या महसूस कर रही थीं।
देश के 11 राज्यों में गोल्ड, लिथियम समेत अन्य खनिजों का मिला भंडार
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में लिथियम का भंडार मिला है। दरअसल, देश के 11 राज्यों में गोल्ड, लिथियम समेत अन्य खनिजों का भंडार मिला है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में मिला लिथियम भंडार 59 लाख टन का है। वहीं, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (GSI) ने 51 ब्लॉकों को राज्य सरकारों और कोयला मंत्रालय को सौंप दिया है। बता दें कि ऐसा पहली बार है कि देश में पहली बार लिथियम का भंडार मिला। ये मेटल्स 11 राज्यों के अलग-अलग जिलों में मिले हैं।