ममता बनर्जी की त्रिपुरा विस चुनाव पर नजर, TMC ने 132 सदस्यीय प्रदेश समिति की घोषणा की

punjabkesari.in Friday, Apr 29, 2022 - 07:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क: तृणमूल कांग्रेस ने त्रिपुरा में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को अपनी 132 सदस्यीय प्रदेश समिति की घोषणा की जिसके अध्यक्ष पूर्व विधायक सुबल भौमिक बनाए गए हैं। पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री राजीव बनर्जी को पार्टी की त्रिपुरा इकाई का प्रभारी बनाया गया है।

पार्टी ने छह सदस्यीय कोर कमेटी भी बनाई है जिसमें सांसद सुष्मिता देव, पूर्व विधायक आशीष दास, भृगुराम रियांग, आशीष लाल सिंह, मामन खान और भौमिक शामिल हैं। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रदेश समिति में आठ उपाध्यक्ष, पांच महासचिव और 14 सचिव हैं। राजीव बनर्जी ने कहा कि प्रदेश समिति जल्द ही अपनी पहली बैठक आयोजित करेगी और समय आने पर जिला एवं ब्लॉक समितियों की घोषणा करेगी। उन्होंने कहा कि टीएमसी राज्य के चार विधानसभा क्षेत्रों के लिए होने वाला आगामी उपचुनाव लड़ेगी।

बनर्जी ने कहा, "हम राज्य में संगठन को मजबूत करने और त्रिपुरा में निरंकुश सरकार को हटाने के लिए अपने दम पर आगे बढ़ रहे हैं।" भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए बनर्जी ने कहा कि त्रिपुरा में लोकतंत्र दांव पर लगा है। उन्होंने कहा, "भाजपा के चार साल के शासन में यहां के लोग पीड़ित, उपेक्षित और वंचित हैं। आज से टीएमसी ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के मार्गदर्शन में राज्य के लोगों के कल्याण के लिए काम करेगी।"

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News