नेशनल हाईवे-48 पर भीषण हादसा: खराब पड़ी लॉरी से टकराया स्कूटर, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 11:46 AM (IST)
हावेरी : कर्नाटक के हावेरी जिले में नेशनल हाईवे-48 पर एक खराब पड़ी लॉरी से पीछे से टकराने के बाद स्कूटर पर सवार 41 वर्षीय व्यक्ति और उनके 15 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा रविवार शाम ब्यादगी तालुक में गुंडेना हल्ली क्रॉस के पास हुआ।
मृतकों की पहचान मारुति (41) और उनके बेटे परशुराम (15) के रूप में हुई है, जो बेलगावी जिले के हुक्केरी तालुक के चिक्कलदिन्नी गांव के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, मारुति अपनी पत्नी मंजुला (31) और अपने दो बेटों के साथ TVS XL स्कूटर पर हिरियूर से चिक्कलदिन्नी जा रहे थे। खबरों के मुताबिक, नेशनल हाईवे-48 पर गुंडेना हल्ली क्रॉस के पास एक लॉरी खराब पड़ी थी। परिवार सड़क पर खड़ी खराब लॉरी को देख नहीं पाया और उनका स्कूटर पीछे से उस वाहन से टकरा गया।
यह भी पढ़ें- मजदूरी करने निकली महिला की हत्या, आरोपी ने जंगल में दफनाया शव, पुलिस ने खुदाई कर निकाला बाहर
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मारुति और परशुराम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मारुति की पत्नी मंजुला और उनके छोटे बेटे नंजुंडा (13) को भी गंभीर चोटें आईं। उन्हें पहले इलाज के लिए हावेरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए हुबली के कर्नाटक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (KIMS) अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। हादसे के संबंध में ब्यादगी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच चल रही है।
