स्कूल में खराब भोजन खाने से 75 छात्र बीमार पड़े, 12 को अस्पताल में भर्ती कराया

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 09:02 PM (IST)

नेशनल डेस्क : सूरत के एक निजी बोर्डिंग स्कूल में संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के कारण कम से कम 75 छात्र बीमार पड़ गए, जिनमें से 12 को अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी छात्र खतरे से बाहर हैं।

सूरत नगर निगम के चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी पी. एच. उमरीगर ने कहा, ''शहर के अब्रामा क्षेत्र स्थित पी. पी. सावनी स्कूल के छात्रावास में रहने वाले 75 छात्रों में शनिवार रात से दस्त और उल्टी की शिकायत सामने आईं।'' उन्होंने बताया कि 15 से 17 वर्ष की आयु की नौ लड़कियों समेत 12 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उमरीगर ने कहा कि इन 12 छात्रों में से चार को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है जबकि बाकी छात्रों की हालत स्थिर है।

नगर निकाय ने एक विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि सूरत नगर निगम को घटना की जानकारी मिलते ही उसके स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी। इसमें कहा गया, ''खाद्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग और स्वच्छता विभाग की टीमों ने पी. पी. सावनी स्कूल के छात्रावास का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान भोजन के चार नमूने लिए गए और आवश्यक जांच के लिए भेजे गए।'' नगर निगम ने बताया कि छात्रावास में रहने वाले अन्य छात्रों की स्वास्थ्य जांच के लिए एक मोबाइल चिकित्सा दल भी तैनात किया गया है। उमरीगर ने कहा कि बोर्डिंग स्कूल में करीब 2,200 छात्र और 300 कर्मचारी रहते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को इन सभी ने एक ही भोजन खाया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News