आज गांधी जयंती है, मैं नकली गांधी के बारे में क्यों बात करूं?, मुख्यमंत्री बोम्मई का कांग्रेस पर हमला

punjabkesari.in Sunday, Oct 02, 2022 - 05:29 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों का जोरदार खंडन करते हुए रविवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी समेत पूरी पार्टी जमानत पर बाहर है तथा उन्होंने उनके खिलाफ चलायी जा रही ‘पे -सीएम ' मुहीम को बिना सबूत की पहल बताया। बोम्मई ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज गांधी जयंती है, मैं नकली गांधी के बारे में क्यों बात करूं? पूरी कांग्रेस पार्टी जमानत पर बाहर है- राहुल गांधी, सोनिया गांधी और डीके शिवकुमार जमानत पर बाहर हैं।''

बोम्मई ने कहा, ‘‘मेरे खिलाफ कोई भी आरोप सही नहीं है। मैंने उन्हें सबूत पेश करने की चुनौती दी है। क्यूआर कोड अभियान दुष्ट प्रवृत्ति का है और यह राजनीति से प्रेरित है। कांग्रेस शासन के दौरान हुए कई घोटालों की जांच होनी चाहिए।'' इसके जवाब में कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष शिवकुमार ने याद दिलाया कि पूर्व मुख्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी के नेता बी एस येदियुरप्पा भी जमानत पर हैं। उन्होंने कहा , ‘‘हां, मैं जमानत पर हूं। तो क्या राहुल गांधी और सोनिया गांधी।

उनमें से दर्जनों (भाजपा नेता) भी जमानत पर हैं। क्या येदियुरप्पा के खिलाफ मामला नहीं है? बोम्मई ने मेरे खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। उन्हें मुझे परपन्ना अग्रहारा (सेंट्रल जेल), भेजने दो मैं थोड़ा आराम करूंगा।'' बेंगलुरु शहर के प्रमुख स्थानों पर पे -सीएम के पोस्टर सामने आने के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच वाक युद्ध शुरू हो गया है। पोस्टर, जो पेटीएम वॉलेट के समान हैं, बोम्मई के चेहरे को एक क्यूआर कोड के बीच में ‘40 प्रतिशत स्वीकार किए गए' संदेश के साथ दर्शाते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News