श्राद्ध में शामिल होने जा रहे 3 चचेरे भाइयों की दर्दनाक में मौत, परिवार में मचा कोहराम
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 05:57 PM (IST)
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के एटा जिले में अवागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत टूंडला रोड पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन लड़कों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार रात हुआ। टक्कर के बाद दो लड़कों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे लड़के ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान फिरोजाबाद जिले के निवासी करण कठप (15) और सुमित कठप (17) तथा एटा जिले के निधौली कलां क्षेत्र के निवासी आशु के रूप में हुई है। तीनों आपस में चचेरे भाई थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों पूर्वजों की स्मृति में आयोजित श्राद्ध में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तिशार चौराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
अवागढ़ थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल के पंजीकरण नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान की गई और उनके परिजनों को सूचना दी गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि टक्कर मारकर फरार हुए वाहन का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।
