सहारनपुर में बजरी से भरा ट्रक पलटा, तीन मजदूरों की मौत, दो अन्य घायल

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 11:40 AM (IST)

नेशनल डेस्क। सहारनपुर जिले में बजरी से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया जिससे उसके नीचे दबकर तीन मजदूरों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह हादसा बृहस्पतिवार देर रात नागल थाना क्षेत्र में सहारनपुर-झबरेड़ा मार्ग पर निर्माणाधीन पुल के पास हुआ। 

उन्होंने बताया कि खेड़ा मुगल की ओर से आ रहा बजरी से लदा ट्रक सड़क किनारे सो रहे महमूदपुरा निवासी असगर, इफ्तिखार, शौकीन, गुलफाम और कर्मवीर पर पलट गया जिससे सभी मजदूर बजरी के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और अन्य मजदूरों की मदद से सभी को बाहर निकाला। 

देवबंद के पुलिस क्षेत्राधिकारी अभितेष सिंह ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने असगर, इफ्तिखार और शौकीन को मृत घोषित कर दिया और अन्य दो घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News