दर्दनाक हादसा : 5 लोगों की मौत, 8 अन्य घायल... खड़े टैंकर से टकराई तेज रफ्तार बोलेरो

punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 07:19 PM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। तेज रफ्तार बोलेरो की खड़े टैंकर से टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत करीब 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि उड़े परखच्चे

यह हादसा सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधोली गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को गाड़ी काटनी पड़ी।

घायलों का इलाज जारी, पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों और घायलों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

एक के बाद एक हादसे से उठे सवाल

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार को भी इसी स्थान पर टैंकर और रोडवेज बस की टक्कर हुई थी, जिसके बाद टैंकर सड़क किनारे ही खड़ा रहा। रविवार को उसी खड़े टैंकर से यह हादसा हो गया। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते टैंकर को हटाया गया होता, तो यह हादसा टल सकता था।

पीछे से बाइक टकराने से बढ़ी भयावहता

बताया जा रहा है कि बोलेरो के टैंकर से टकराने के बाद पीछे से आ रही एक बाइक भी उसमें जा भिड़ी, जिससे हादसा और भयावह हो गया। फिलहाल पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News