बड़ा हादसा: ग्वालियर में मौत का तांडव! स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, 5 श्रद्धालुओं की मौत, 4 लोग घायल
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 10:05 AM (IST)
नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शहर के परशुराम चौराहे के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मंदिर से लौट रहे थे श्रद्धालु
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार सभी लोग श्रद्धालु थे और मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
#WATCH | Gwalior, Madhya Pradesh: Visuals from the spot where 5 people were killed in a road accident near Thatipur Jain Temple. pic.twitter.com/DxV1XwmvaR
— ANI (@ANI) March 27, 2026
पुलिस ने शुरू किया राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सीएसपी ने दी घटना की जानकारी
मामले में जानकारी देते हुए सीएसपी अतुल कुमार सोनी ने बताया कि सुबह करीब 3 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। यह हादसा जैन मंदिर के पास हुआ, जहां स्कॉर्पियो और ऑटो की टक्कर हो गई। दुर्घटना में 5 लोगों की जान चली गई, जबकि 4 लोग घायल हैं।
चालक गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। साथ ही, हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
