दिल्ली-मुंबई या बेंगलुरु नहीं, देश में सबसे ज्यादा सैलरी पैकेज देने वाला यह है शहर...पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की कम
punjabkesari.in Monday, Jul 10, 2023 - 01:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु का नाम बड़े शहरों में गिना जाता है और जब इनका जिक्र होता है तो एक बात जरूर दिमाग में आती है कि यहां काम करने वालों की इनकम भी ज्यादा ही होगी। जी नहीं, ऐसा नहीं है सबसे ज्यादा सैलरी पैकेज देने के मामले में इन शहरों को पछाड़ कर महाराष्ट्र का टियर 2 सोलापुर आगे है।
महाराष्ट्र का टियर 2 सोलापुर ज्यादा सैलरी देने के मामले में नंबर 1 शहर बन गया है। जुलाई में 2023 के सर्वे के मुताबिक, महाराष्ट्र के टियर 2 शहर सोलापुर में देश में सबसे अधिक एवरेज सालाना सैलरी पैकेज है, जिसने दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे टियर 1 शहरों को भी पीछे छोड़ दिया है।
जानिए दिल्ली किस नंबर पर
सर्वे के मुताबिक, महाराष्ट्र के सोलापुर में सालाना एवरेज सैलरी 28,10,000 रुपए प्रति वर्ष से अधिक है। इसके अलावा, दूसरे स्थान पर रहने वाला शहर मुंबई था, जिसका सालाना सैलरी एवरेज 21.17 लाख रुपए था और बेंगलुरु 21.01 लाख रुपए के वेतन के साथ तीसरे स्थान पर था। दिल्ली अपनी स्थिति पर कायम है, यहां एक व्यक्ति का औसत सालाना सैलरी 20.43 लाख रुपए है।
राज्यों में सर्वे
वहीं अगर राज्यों की बात करें तो उत्तर प्रदेश सबसे अधिक एवरेज सालाना सैलरी के साथ सबसे आगे है। उसके बाद पश्चिम बंगाल दूसरे नंबर पर है। इसके अलावा, जुलाई 2023 में जारी सर्वे में सामने आया है कि भारत में सबसे आम सालाना सैलरी 5 लाख रुपए से थोड़ा अधिक है, जबकि पूरे देश का एवरेज निकाला जाएगा तो एनुअल सैलरी लगभग 18.91 लाख रुपए है।
महिलाओं की सैलरी कम
सर्वे में ये भी खुलासा हुआ है कि पुरुषों और महिलाओं की सैलरी में भी काफी अंतर है। जैसे पुरुषों को एवरेज 19,53,055 रुपए वेतन मिलता है, जबकि महिलाओं को एवरेज सैलरी 15,16,296 रुपए मिलती है।