इस देश के पास है दुनिया की सबसे बड़ी सेना, जानें रैंकिंग में किस नंबर पर आता है भारत
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 01:15 PM (IST)
नेशनल डेस्क : दुनिया इस समय तनाव और अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। लगभग हर महाद्वीप में किसी न किसी रूप में युद्ध, सैन्य टकराव या राजनीतिक संघर्ष जारी है। भारत–पाकिस्तान सीमा पर हालात संवेदनशील हैं, रूस–यूक्रेन युद्ध लंबे समय से चल रहा है और एशिया व मध्य पूर्व के कई इलाकों में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर की गई सैन्य कार्रवाई और ईरान को लेकर बढ़ती आशंकाओं ने वैश्विक हालात को और गंभीर बना दिया है।
ऐसे माहौल में दुनिया के ज्यादातर देश अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सैन्य ताकत बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। इसी कड़ी में International Institute for Strategic Studies (IISS) ने अपनी 2025 मिलिट्री बैलेंस रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में देशों को उनकी सक्रिय सैन्य शक्ति यानी एक्टिव सैनिकों की संख्या के आधार पर रैंकिंग दी गई है।
यह भी पढ़ें - 2026 में सोना-चांदी और तांबा को लेकर बाबा वेंगा की हैरान कर देगी ये भविष्यवाणी
रिपोर्ट के मुताबिक
1. चीन दुनिया की सबसे बड़ी सेना वाला देश बना हुआ है। उसके पास करीब 20.35 लाख सक्रिय सैनिक हैं। चीन का रक्षा बजट भी काफी बड़ा है और उसकी सेना, जिसे पीपुल्स लिबरेशन आर्मी कहा जाता है, सीधे राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नेतृत्व में काम करती है।

2. दूसरे स्थान पर भारत है, जिसके पास 14.76 लाख सक्रिय सैनिक हैं। हाल के वर्षों में भारत ने अपनी सैन्य क्षमता को मजबूत किया है और स्वदेशी हथियारों व तकनीक पर विशेष ध्यान दिया है। हालिया सैन्य अभियानों के जरिए भारत ने अपनी रणनीतिक और ऑपरेशनल ताकत भी प्रदर्शित की है।

3. तीसरे नंबर पर अमेरिका है, जिसके पास 13.16 लाख सक्रिय सैनिक हैं। अमेरिका का रक्षा बजट दुनिया में सबसे अधिक है और उसके सैन्य अड्डे कई देशों में फैले हुए हैं, जिससे उसकी वैश्विक सैन्य मौजूदगी बनी रहती है।

4. उत्तर कोरिया चौथे स्थान पर है। उसके पास करीब 12.80 लाख सैनिक हैं और वह परमाणु हथियारों व आधुनिक सैन्य तकनीक के विकास पर लगातार काम कर रहा है।
5. पांचवें स्थान पर रूस है, जिसके पास 11.34 लाख सक्रिय सैनिक हैं। रूस को पारंपरिक रूप से एक मजबूत सैन्य शक्ति माना जाता है और वह लगातार सेना में नई भर्ती कर रहा है।
6. छठे नंबर पर यूक्रेन है, जो लंबे समय से रूस के साथ युद्ध में शामिल है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद यूक्रेन के पास 7.30 लाख सैनिक हैं और उसकी सेना लगातार संघर्ष कर रही है।
7. पाकिस्तान सातवें स्थान पर है। उसकी सेना में करीब 6.60 लाख सक्रिय सैनिक हैं और देश की राजनीति व सुरक्षा नीतियों में सेना की अहम भूमिका मानी जाती है।

8. आठवें स्थान पर ईरान है, जिसके पास 6.10 लाख सैनिक हैं। ईरान मध्य पूर्व क्षेत्र की बड़ी सैन्य ताकतों में शामिल है।
9. इथियोपिया नौवें स्थान पर है। उसकी सेना में 5.03 लाख सैनिक हैं और यह अफ्रीका की मजबूत सेनाओं में गिनी जाती है।
10. दसवें नंबर पर दक्षिण कोरिया है, जिसके पास लगभग 5 लाख सक्रिय सैनिक हैं। दक्षिण कोरिया में सैन्य सेवा अनिवार्य है, जिससे उसकी सेना की संख्या मजबूत बनी रहती है।

इस रिपोर्ट से यह साफ होता है कि बदलते वैश्विक हालात के बीच भारत न केवल सैनिकों की संख्या के मामले में, बल्कि रणनीति, तकनीक और आत्मनिर्भरता के लिहाज से भी दुनिया की प्रमुख सैन्य शक्तियों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहा है।
