Rule Change : 1 जून से लागू होने जा रहे हैं ये 6 बड़े वित्तीय बदलाव, आम जनता की जेब और बजट पर पड़ेगा सीधा असर
punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 11:36 AM (IST)
Rule Change From 1st june: देश में 1 जून से कुछ बदलाव होने वाले हैं। जिनका सीधा असर आम जनता की जेब और बजट पर होगा। ये नए बदलाव एलपीजी सिलेंडरों के दाम, UPI भुगतान प्रणाली, बैंकिंग से जुड़े नियम, एटीएम शुल्क, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर मिलने वाला ब्याज और सौर ऊर्जा (सोलर पैनल) से जुड़े नियमों में फेरबदल की संभावना है। किसी भी तरह के अनपेक्षित खर्च या असुविधा से बचने के लिए इन बदलावों को पहले से जान लेना बेहद जरूरी है।
हर महीने की शुरुआत में Oil Marketing Companies रसोई गैस और CNG- PNG की कीमतों को अपडेट करती हैं। इसके अलावा कई बैंक अपनी ब्याज दरों में भी बदलाव कर सकते हैं। रेलवे, पैन कार्ड और डिजिटल लेन-देन से जुड़े ये प्रमुख अपडेट्स इस प्रकार हैं:
1. UPI भुगतान सुरक्षा में सुधार
डिजिटल पेमेंट में होने वाली धोखाधड़ी को रोकने के लिए NPCI एक नई व्यवस्था पर काम कर रहा है। अब इसके तहत किसी भी UPI से एप्लीकेशंस पर किसी भी व्यक्ति या व्यापारी को पैसे भेजने से पहले उसका वही नाम दिखाई देगा जो बैंक खाते में पंजीकृत (Verified Beneficiary Name) है। अभी तक भुगतान के समय केवल क्यूआर कोड या यूजर द्वारा तय किया गया नाम ही दिखता था। इस कदम से गलत खातों में पैसे ट्रांसफर होने और फर्जी नाम से होने वाले फ्रॉड पर लगाम लगेगी।
2. LPG सिलेंडर की कीमतें
प्रत्येक महीने की पहली तारीख को कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडरों के दामों की समीक्षा की जाती है। पिछले महीने की शुरुआत में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी उछाल आया था, जिससे देश की राजधानी में इसके दाम ₹3,071.50 तक पहुंच गए थे, हालांकि घरेलू उपयोग वाले सिलेंडरों के दाम स्थिर रहे थे। 1 जून को भी तेल कंपनियां नए दाम जारी कर सकती हैं, जिससे खान-पान के कारोबार से जुड़े लोगों की लागत प्रभावित हो सकती है।
3. भारतीय रेलवे का मेगा ब्लॉक: कई ट्रेनें प्रभावित
आगामी जून महीने में रेलवे द्वारा पटरियों के आधुनिकीकरण और नॉन-इंटरलॉकिंग से जुड़े तकनीकी कार्यों के लिए एक बड़ा रेल ब्लॉक लिया जा रहा है। इस वजह से लगभग 77 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कई एक्सप्रेस व दूरंतो जैसी मुख्य ट्रेनों के मार्ग बदल दिए गए हैं। इस बदलाव का व्यापक असर मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा जैसे राज्यों के रेल यात्रियों पर पड़ेगा। रेलवे ने सफर पर निकलने से पहले गाड़ी की स्थिति जांचने की सलाह दी है।
4.PAN कार्ड और आयकर से जुड़े नए दिशा-निर्देश
इनकम टैक्स के नए नियमों के तहत पैन की अनिवार्यता में कुछ राहत दी गई है, तो कुछ मामलों को अधिक सख्त बनाया गया है। अब बैंक में एक दिन में ₹50,000 से अधिक नकद (कैश) जमा करने पर पैन कार्ड देने की बाध्यता समाप्त कर दी गई है। इसके अलावा, अचल संपत्ति (प्रॉपर्टी) के क्रय-विक्रय में पैन की अनिवार्य सीमा को ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹20 लाख कर दिया गया है।
5. हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन पर बढ़ी कड़ाई वहीं दूसरी ओर, ₹45 लाख से अधिक मूल्य के प्रॉपर्टी सौदों, गिफ्ट डीड तथा जॉइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट (JDA) में पैन कार्ड को पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है। यदि कोई व्यक्ति सालभर में ₹10 लाख से अधिक की नकद निकासी करता है, तो उसकी रिपोर्टिंग भी पैन के तहत होगी। जो लोग पैन कार्ड प्रस्तुत नहीं कर पाएंगे, उनके लिए पुराने फॉर्म-60 के स्थान पर अब नया 'फॉर्म-97' लागू कर दिया गया है।
6. सोलर पैनल के लिए नए मानक (ALMM नियम) सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 1 जून से सरकार नए एएलएमएम (ALMM) नियम लागू कर रही है। अब सरकारी योजनाओं और सब्सिडी का लाभ लेने वाले प्रोजेक्ट्स में केवल उन्हीं सोलर मॉड्यूल और सेल का उपयोग किया जा सकेगा जो सरकार की स्वीकृत सूची में शामिल होंगे। इसके लिए तय समय-सीमा में कोई और विस्तार नहीं दिया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे घरेलू स्तर पर सोलर पैनल की गुणवत्ता और विनिर्माण को बढ़ावा मिलेगा, हालांकि शुरुआती तौर पर इसकी कीमतों में कुछ वृद्धि देखी जा सकती है।
बैंकिंग और अन्य बदलाव इसके अलावा, कुछ बैंकों द्वारा एटीएम से नकद निकासी की सीमा, मुफ्त ट्रांजैक्शन की लिमिट और एटीएम शुल्क में भी बदलाव किए जाने के संकेत हैं। साथ ही, आरबीआई (RBI) की मौद्रिक नीति समिति की बैठक के बाद बैंकों की एफडी (FD) दरों में भी उतार-चढ़ाव आ सकता है। आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों और सरकारी पहचान पत्रों से जुड़ी सेवाओं में भी कुछ नए अपडेट देखने को मिल सकते हैं।
