Thailand Visa Rule Change: थाईलैंड जाने वालों को बड़ा झटका, यात्रियों को अब नहीं मिलेगी 60 दिन की Visa-Free Entry
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 07:40 AM (IST)
Thailand Visa Rule Change: थाईलैंड घूमने का प्लान बना रहे भारतीयों के लिए बड़ी खबर है। अब भारतीय नागरिकों को थाईलैंड में 60 दिन तक बिना वीजा रहने की सुविधा नहीं मिलेगी। थाईलैंड सरकार ने यह नियम बंद कर दिया है। अब भारतीय यात्रियों को थाईलैंड पहुंचने के बाद Visa on Arrival लेना होगा। यानी एयरपोर्ट पर जरूरी दस्तावेज दिखाकर वीजा बनवाना पड़ेगा। दरअसल, थाईलैंड सरकार ने भारतीयों समेत 93 देशों के लिए लागू 60 दिनों की वीजा-फ्री एंट्री स्कीम को खत्म करने का फैसाल लिया।
वहीं अब सरकार के नए नियमों के अनुसार अब भारतीय नागरिकों को थाईलैंड पहुंचने पर Visa on Arrival (VoA) प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके तहत यात्रियों को एयरपोर्ट या अधिकृत इमिग्रेशन पॉइंट पर जरूरी दस्तावेज जमा करने के बाद वीजा जारी किया जाएगा।
अब कितने दिन रुक सकेंगे भारतीय?
नई व्यवस्था लागू होने के बाद भारतीय पर्यटक थाईलैंड में केवल 15 दिनों तक ही ठहर सकेंगे। पहले भारतीय नागरिक बिना वीजा 60 दिन तक रह सकते थे और जरूरत पड़ने पर अवधि बढ़ाने का विकल्प भी मौजूद था।
क्यों लिया गया यह फैसला?
थाईलैंड सरकार ने कुछ समय पहले पर्यटन को बढ़ावा देने और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से कई देशों के लिए वीजा-फ्री एंट्री शुरू की थी। लेकिन बाद में सुरक्षा एजेंसियों ने लंबी अवधि तक ठहरने वाले विदेशी नागरिकों को लेकर चिंता जताई। रिपोर्ट्स के अनुसार कुछ लोग पर्यटन वीजा का गलत इस्तेमाल कर अवैध कारोबार, गैरकानूनी रोजगार और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए। इसके बाद सरकार ने इमिग्रेशन नियमों को सख्त करने का फैसला लिया।
One Country, One Visa Policy लागू
थाईलैंड अब नई One Country, One Visa नीति पर काम कर रहा है। इस नीति के तहत हर देश के नागरिकों के लिए एक तय वीजा सुविधा लागू होगी।सरकार ने कई देशों की वीजा श्रेणियों में बदलाव किया है। अब सीमित देशों को ही 30 दिन की वीजा-फ्री एंट्री मिलेगी, जबकि भारत जैसे देशों को Visa on Arrival सूची में रखा गया है।
पहले से थाईलैंड में मौजूद लोगों का क्या होगा?
जो भारतीय यात्री पहले से थाईलैंड में मौजूद हैं या नए नियम लागू होने से पहले वहां पहुंच चुके हैं, उन्हें तत्काल कोई परेशानी नहीं होगी। वे अपनी मौजूदा अनुमति अवधि पूरी होने तक देश में रह सकेंगे।
भारतीय टूरिस्टों पर पड़ेगा असर
थाईलैंड भारतीय पर्यटकों की सबसे पसंदीदा विदेशी डेस्टिनेशनों में गिना जाता है। कम खर्च, खूबसूरत बीच, नाइट लाइफ और आसान ट्रैवल नियमों के कारण हर साल बड़ी संख्या में भारतीय वहां घूमने जाते हैं।
