Kidney Damage Awareness : किडनी खराब होने से पहले दिखते हैं ये 5 लक्षण, नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 05:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क : आज की तेज रफ्तार जिंदगी, गलत खानपान, कम पानी पीने की आदत और बढ़ता तनाव लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल रहे हैं। इन कारणों से किडनी से जुड़ी बीमारियों के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। चिंता की बात यह है कि किडनी की समस्या के शुरुआती लक्षण अक्सर बहुत सामान्य होते हैं, इसलिए लोग इन्हें थकान या मौसम का असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। डॉक्टरों के अनुसार अगर इन शुरुआती संकेतों को समय रहते पहचान लिया जाए तो गंभीर बीमारी से बचा जा सकता है और इलाज भी आसान हो जाता है।

शरीर के लिए किडनी का महत्व

किडनी हमारे शरीर का एक बेहद महत्वपूर्ण अंग है। इसका मुख्य काम खून को साफ करना और शरीर से गंदे तथा जहरीले तत्वों को बाहर निकालना होता है। इसके अलावा किडनी शरीर में पानी का संतुलन बनाए रखने में भी मदद करती है। किडनी ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने और शरीर में जरूरी मिनरल्स का संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाती है। जब किडनी ठीक से काम नहीं करती तो शरीर में टॉक्सिन्स जमा होने लगते हैं, जिससे कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें - अगर चेहरे पर नजर आएं ये 5 लक्षण तो समझ लें लिवर को है खतरा

किडनी खराब होने से पहले दिखने वाले संकेत

किडनी की कार्यक्षमता कमजोर होने पर शरीर कई संकेत देने लगता है। इन लक्षणों को नजरअंदाज करना नुकसानदायक हो सकता है।

1. नींद से जुड़ी परेशानी

अगर आपको लगातार नींद नहीं आ रही है या रात में बार-बार नींद खुलती है, तो यह किडनी की समस्या का संकेत हो सकता है। शरीर में गंदे तत्व जमा होने से नींद की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।

2. बार-बार पेशाब आना

दिन या रात में बार-बार पेशाब आने की समस्या किडनी के फिल्टर कमजोर होने का संकेत हो सकती है। अगर यह समस्या लगातार बनी रहे तो डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी है।

3. आंखों के नीचे सूजन

सुबह उठते समय आंखों के आसपास सूजन या पफीनेस दिखाई देना भी किडनी की परेशानी का संकेत हो सकता है। यह शरीर से प्रोटीन निकलने की वजह से होता है।

4. पैरों और टखनों में सूजन

जब किडनी ठीक से काम नहीं करती तो शरीर में अतिरिक्त नमक और पानी जमा होने लगता है। इससे पैरों, टखनों या हाथों में सूजन आ सकती है।

5. पेशाब के रंग में बदलाव

अगर पेशाब का रंग गुलाबी, लाल या गहरा भूरा दिखाई दे या उसमें खून के निशान दिखें, तो यह गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

किडनी को स्वस्थ रखने के उपाय

किडनी को स्वस्थ रखने के लिए कुछ आसान आदतें अपनाई जा सकती हैं।

  • रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीना
  • संतुलित और पौष्टिक आहार लेना
  • ज्यादा नमक और प्रोसेस्ड फूड से बचना
  • नियमित व्यायाम करना
  • समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना

इन आदतों को अपनाकर किडनी से जुड़ी समस्याओं के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News