By-Elections: 2024 से पहले इन 5 सीटों पर होगी INDIA और NDA की सीधी टक्कर, 5 सितंबर को चुनाव

punjabkesari.in Sunday, Sep 03, 2023 - 10:14 PM (IST)

नेशनल डेस्कः देश में छह विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए रविवार की शाम चुनाव प्रचार थम गया। 5 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। 8 सितंबर को नतीजे सामने आएंगे। इनमें से पांच विधानसभा सीटों पर पहली बार NDA बनाम इंडिया गठबंधन की सीधी लड़ाई है। लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए और इंडिया गठबंधन अपनी-अपनी ताकत दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते हैं। जिन पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना हैं, उनमें सबसे हाई प्रोफाइल सीट उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा की है। यहां भाजपा अपने सहयोगी गठबंधनों के साथ मैदान में है, जबकि समाजवादी पार्टी को कांग्रेस समेत अन्य दलों का समर्थन है। हालांकि, बसपा ने अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। कांग्रेस ने सपा उम्मीदवार को अपना समर्थन दिया है।
PunjabKesari
इन छह विधानसभा सीटों पर होना है उपचुनाव
पश्चिम बंगाल की धुपगुड़ी विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। जुलाई में भाजपा विधायक के निधन के बाद यह सीट खाली है। त्रिपुरा की धानपुर और बोक्सानगर विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव है। उत्तराखंड की बागेश्वर, झारखंड की डुमरी और केरल की पुडुपल्ली विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव होना है। इनमें से बागेश्वर सीट पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि अन्य सीटों पर एनडीए और इंडिया गठबंधन की साख दांव पर है।

धुपगुड़ी विधानसभा में टीएमसी और भाजपा के बीच मुकाबला
विपक्षी दलों के गठबंधन ‘INDIA' को धुपगुड़ी विधानसभा क्षेत्र के आगामी उपचुनाव में महत्वपूर्ण परीक्षा का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि इसके अहम घटक तृणमूल कांग्रेस (TMC) और कांग्रेस-मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी गठबंधन, भारतीय जनता पार्टी (BJP) से उत्तर बंगाल की इस ग्रामीण सीट को छीनने के लिए एक-दूसरे के खिलाफ लड़ रहे हैं। पांच सितंबर को होने वाला उपचुनाव तीनों राजनीतिक दलों के लिए परीक्षा की तरह है, जिसमें भाजपा को अपने वोट प्रतिशत में गिरावट को रोकने और सीट बरकरार रखने की उम्मीद है। 
PunjabKesari
त्रिपुरा में भाजपा के सामने बड़ी चुनौती
त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में धानपुर और बोक्सानगर विधानसभा सीटों पर भाजपा के सामने बड़ी चुनौती है।  दोनों सीटों पर भाजपा ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए बड़ी रैलियां, रोडशो, मोटरसाइकिल रैलियां निकालीं तथा घर- घर जाकर प्रचार किया। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भाजपा के प्रचार अभियान की अगुवाई की, जबकि आखिर के दो-तीन दिनों के दौरान मंत्री, विधायक भी प्रचार करने उतरे। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पोलित ब्यूरो सदस्य माणिक सरकार और पार्टी के प्रदेश सचिव जितेंद्र चौधरी अन्य नेताओं के साथ पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया। लेकिन मुख्य विपक्षी दल टीपरा मोथा और कांग्रेस चुनाव प्रचार से दूर रहीं तथा यह चुनाव संघर्ष द्विपक्षीय मुकाबला बन गया। भाजपा के तफ्फजल हुसैन का अल्पसंख्यक बहुल बोक्सानगर निर्वाचन क्षेत्र में माकपा के मिजान हुसैन से मुकाबला है।

झारखंड में इंडिया गठबंधन की परीक्षा
झारखंड की डुमरी सीट पर विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की उम्मीदवार बेबी देवी का सीधा मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की उम्मीदवार यशोदा देवी से है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के इस दावे के बीच कि 'इंडिया' अपनी जीत की यात्रा डुमरी से शुरू करेगा, यह सीट दोनों गठबंधनों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गई है।
PunjabKesari
केरल में सहानुभूति की लहर पर यूडीएफ
केरल कोट्टयम जिले की पुडुपल्ली विधानसभा सीट पर सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) राज्य में विकास को बढ़ावा देने का दावा कर रहा है, जबकि कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) अपने नेता ओमन चांडी के निधन के बाद उनके प्रति सहानुभूति की लहर पर निर्भर है। दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव प्रचार के दौरान यह तर्क देती नजर आई कि दक्षिणी राज्य और विधानसभा क्षेत्र में विकास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की नीतियों के प्रयासों से हुआ है।

घोसी सीट पर महामुकाबला
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और विपक्षी दलों के समूह 'INDIA' के एक घटक दल समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच पहली चुनावी टक्कर के लिए बिसात बिछ गयी है। उत्तर प्रदेश में पांच सितंबर को होने वाले घोसी विधानसभा उपचुनाव के लिए दोनों पक्षों के नेता अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। कांग्रेस और वाम दलों ने न केवल समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार को समर्थन दिया है, बल्कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकजुटता को प्रदर्शित करते हुए, उनके लिए प्रचार भी कर रहे हैं। यहां तक कि अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) भी सपा उम्मीदवार के लिए समर्थन जुटाने के काम में लगी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News