साल 2020 साक्षी बनेगा ग्रहण के 6 गजब नजारों का, उपच्छाया चंद्रग्रहण से हो रही शुरूआत

punjabkesari.in Thursday, Jan 09, 2020 - 04:37 PM (IST)

नेशनल डेस्क: सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा की चाल साल 2020 में दुनिया भर के खगोल प्रेमियों को दो सूर्यग्रहणों और चार चंद्रग्रहणों समेत ग्रहण के छह रोमांचक दृश्य दिखाएगी। हालांकि, भारत में इनमें से केवल तीन खगोलीय घटनाओं के नजर आने की उम्मीद है। उज्जैन की प्रतिष्ठित शासकीय जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ. राजेंद्रप्रकाश गुप्त ने गुरुवार को बताया कि इस साल ग्रहणों की खगोलीय घटनाओं का सिलसिला शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात लगने वाले उपच्छाया चंद्रग्रहण से शुरू होगा।

PunjabKesari

पहला ग्रहण कब
साल 2020 का पहला ग्रहण 10 जनवरी को भारत में दिखाई देगा। भारतीय समय के अनुसार इसकी शुरूआत शुक्रवार रात 10:36 बजे होगी और यह रात 02:44:04 बजे खत्म होगा। यह उपच्छाया चंद्रग्रहण है। उपच्छाया चंद्रग्रहण उस समय लगता है, जब पृथ्वी की परिक्रमा कर रहा चंद्रमा "पेनुम्ब्रा" (धरती की परछाई का हल्का भाग) से होकर गुजरता है। इस समय चंद्रमा पर पड़ने वाली सूर्य की रोशनी आंशिक तौर पर कटी प्रतीत होती है और ग्रहण को चंद्रमा पर पड़ने वाली धुंधली परछाई के रूप में देखा जा सकता है।

PunjabKesari

कब-कब लगेंगे ग्रहण

  • इस साल 5 और 6 जून की दरम्यानी रात दूसरा उपच्छाया चंद्रग्रहण लगेगा। यह ग्रहण भी भारत में दिखाई देगा।
  • 21 जून को लगने वाले वलयाकार सूर्यग्रहण को भी भारत में देखा जा सकेगा।
  • इसके बाद 5 जुलाई और 30 नवंबर को सिलसिलेवार तौर पर दो उपच्छाया चंद्रग्रहण लगेंगे। हालांकि, दोनों ग्रहण भारत में नहीं देखे जा सकेंगे, क्योंकि दोनों खगोलीय घटनाएं जब होंगी उस वक्त भारत में दिन होगा।
  • साल का छठा और आखिरी ग्रहण पूर्ण सूर्यग्रहण के रूप में 14 दिसंबर को लगेगा। यह ग्रहण भी भारत में नहीं दिखेगा क्योंकि उस वक्त देश में रात होगी। साल 2019 में दुनिया के अलग-अलग इलाकों में तीन सूर्यग्रहण और दो चंद्रग्रहण नजर आए थे।
    PunjabKesari

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News