असम में बाढ़ का कहर जारी, मृतकों की संख्या 97 पहुंची; 15 जिलों के 1.68 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 11:37 PM (IST)

नेशनल डेस्कः असम में बाढ़ की स्थिति बृहस्पतिवार को भी गंभीर बनी रही, तथा दो और लोगों की मौत के साथ इस साल बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 97 हो गई है। वहीं, 15 जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर 1.68 लाख से अधिक हो गई है। आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि पिछले 24 घंटे में गोलाघाट और उदलगुड़ी जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

प्राधिकरण की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में गोलाघाट, शिवसागर, उदलगुड़ी, कामरूप मेट्रोपॉलिटन, नगांव, कामरूप, दरांग, सोनितपुर, होजाई, लखीमपुर, बिश्वनाथ, जोरहाट, चराइदेव, कार्बी आंगलोंग और धेमाजी जिलों में 1.68 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। गोलाघाट सबसे अधिक प्रभावित जिला है, जहां करीब 54,000 लोग बाढ़ की चपेट में हैं। इसके बाद शिवसागर में 49,000 से अधिक और जोरहाट में करीब 27,000 लोग प्रभावित हुए हैं। बुधवार को 14 जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या करीब 1.6 लाख थी, जो अब बढ़ गई है।

एएसडीएमए ने बताया कि वर्तमान में छह जिलों में 133 राहत शिविर और राहत सामग्री वितरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां करीब 45,000 विस्थापित लोगों को आश्रय और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसने कहा कि राज्य में कुल 481 गांव अब भी बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं, जबकि बाढ़ के कारण पूरे राज्य में 14,382.26 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है। बुलेटिन के अनुसार, धनसिरी नदी नुमालीगढ़ में अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बाढ़ के पानी से कई जिलों में तटबंधों, सड़कों, पुलों और अन्य सार्वजनिक बुनियादी ढांचों को भी नुकसान पहुंचा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News