जिस प्वॉइंट को दिया ''शिवशक्ति'' नाम, PM Modi को कहां से मिला ये आइडिया, जानें सबकुछ यहां
punjabkesari.in Saturday, Aug 26, 2023 - 05:09 PM (IST)

नेशनल डेस्कः चंद्रयान3 का लैंडर जिस प्वॉइंट पर उतरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस प्वॉइंट को ‘शिव शक्ति’ नाम दिया है और जगह का नाम तिरंगा प्वॉइंट रखा गया है। प्रधानमंत्री द्वारा प्वॉइंट को शिवशक्ति नाम दिए जाने का विरोध होने लगा है। इन सबके बीच लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी को यह आइडिया कहां से आया कि जिस प्वॉइंट पर चंद्रयान3 का लैंडर उतरा है, उसको क्या नाम दिया जाए। तो चलिए देर न करते हुए हम आपको बताते हैं कि शिवशक्ति नाम कहां से आया है और किसने दिया है?
दरअसल, बुधवार यानी 23 अगस्त की शाम जब देश की निगाहें चंद्रयान3 की सफल लैंडिंग पर लगी हुईं थीं। देशभर में लोग चंद्रयान3 की सफल लैंडिंग के लिए दुआएं कर रहे थे। उस दौरान सोशल मीडिया पर कुछ लोग नामकरण भी करने में लगे हुए थे। चंद्रमा पर चंद्रयान3 की सफल लैंडिंग के बाद एक पत्रकार ने सोशल मीडिया एक्स पर जब यह पूछा विक्रम लैंडर चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव के नजदीक जिस प्वाइंट पर उतरा है, उसका नाम क्या रखा जाना चाहिए? इस पर कई लोगों ने प्रतिक्रियाएं दी। इनमें से एक ही प्रतिक्रिया राजस्थान के एक छोटे से गांव से सामने आई। राजस्थान के सांचौर में रहने वाले एक 24 वर्षीय युवक ने नाम दिया था ‘शिवशक्ति’। सोशल मीडिया एक्स पर अब यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है।
बता दें कि प्रधानमंत्री चार दिवसीय विदेश यात्रा खत्म कर सीधे बेंगलुरू पहुंचे। यहां उन्होंने वैज्ञानिकों की हौसलाअफजाई की। पीएम मोदी ने इसरो चीफ (ISRO Chief) एस सोमनाथ को गले लगा लिया। उन्होंने घोषणा की कि चंद्रयान-3 लैंडर चंद्रमा की सतह पर जिस स्थान पर उतरा है, उसका नाम ‘शिव-शक्ति पॉइंट' रखा जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता को भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के इतिहास का ‘‘असाधारण क्षण'' करार दिया और कहा कि चंद्रमा की सतह पर जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने 2019 में अपने पदचिह्न छोड़े थे, उसे ‘तिरंगा पॉइंट' के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन के लैंडर के चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने की याद में भारत 23 अगस्त की तारीख ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस' के रूप में मनाएगा।
गौरतलब है कि जब चंद्रयान3 को चंद्रमा की सतह पर उतरना था। तब पीएम मोदी 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन मे हिस्सा लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका में मौजूद थे। चंद्रयान3 की लैंडिंग के दौरान वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इसरो (ISRO) से जुड़े। चंद्रयान3 की सफल लैंडिंग के बाद पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए कहा था कि ‘भारत अब चंद्रमा पर है' तथा यह सफलता पूरी मानवता की है। मोदी ने कहा, ‘‘जब हम अपनी आंखों के सामने ऐसा इतिहास बनते हुए देखते हैं तो जीवन धन्य हो जाता है। ऐसी ऐतिहासिक घटनाएं राष्ट्रीय जीवन की चिरंजीव चेतना बन जाती है।''