खेत में ले जाकर दरिं''दगी… नवविवाहिता के साथ रे''प के बाद हत्या, बोरी में मिली लाश...5 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 10:40 PM (IST)
नेशनल डेस्कः मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के अटेर अनुभाग के सुरपुरा थाना क्षेत्र के सोई गांव में बोरी में मिली नवविवाहिता की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 24 फरवरी को अटेर क्षेत्र के बढ़पुरा निवासी 20 वर्षीय नवविवाहिता घर से सामान लेने निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई।
26 फरवरी को सोई गांव के पास बंवा पुलिया के नजदीक उसका शव बोरी में मिला था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को शव के साथ मिली बोरी में दूब घास और आम, जामुन, अमरूद व आंवला के पत्ते मिले, जिसके आधार पर जांच की दिशा बदली गई। पुलिस ने ऐसे स्थानों की तलाश की, जहां ये सभी पेड़ एक साथ हों और इसी कड़ी में एक खेत तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सूरज शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि महिला को जबरन खेत पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को बोरी में भरकर सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में सूरज शर्मा सहित संजू शर्मा, दिनेश शर्मा, हरिओम शर्मा और अनिल बुधोलिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक असित यादव ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर इस अंधे हत्याकांड का खुलासा किया गया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कारर्वाई की जा रही है।
