अस्पताल की लिफ्ट में फंसने से शख्स की मौत, 5 लोग गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 12:34 AM (IST)

नेशनल डेस्क : कोलकाता स्थित सरकारी आरजी कर अस्पताल में 20 मार्च को एक लिफ्ट में कथित तौर पर फंसने से एक व्यक्ति की हुई मौत के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है जिसमें तीन लिफ्ट संचालक और दो सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इस घटना में मारे गए अरूप बनर्जी के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की जिसके बाद शुक्रवार शाम को पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। उन्हें शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया, पुलिस का आरोप है कि उन्होंने अस्पताल के मरीजों, उनके परिजनों, चिकित्सकों और गैर-चिकित्सा कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में लापरवाही बरती।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान लिफ्ट संचालक मिलन कुमार दास, बिस्वनाथ दास और मानस गुहा तथा सुरक्षाकर्मी शुभदीप दास और असराफुल रहमान के रूप में हुई है। अरूप बनर्जी (40) के परिवार के अनुसार, लिफ्ट में अचानक खराबी आ गई जिसकी वजह से वह उसमें फंस गए। उन्होंने आरोप लगाया कि लिफ्ट की मरम्मत होनी थी और घटना के वक्त कोई संचालक वहां ड्यूटी पर नहीं था।

घटना के समय बनर्जी अपने चार वर्षीय बेटे को अस्पताल लेकर आए थे। बताया जाता है कि उनकी पत्नी उस समय 'ट्रॉमा केयर यूनिट' में मौजूद थीं। अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अरूप को जब बाहर निकाला गया तब वह घायल थे और उसके नाक से खून बह रही थी। उन्हें आपातकालीन इकाई में ले जाया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गई। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News