'मुझसे जुर्म हो गया... गलती हो गई,' IRS अफसर की बेटी के हत्यारे ने कोर्ट में कबूला गुनाह, फिंगरप्रिंट के लिए की थी दरिंदगी
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 09:11 AM (IST)
नेशनल डेस्क। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके में आईआरएस (IRS) अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के आरोपी राहुल मीना ने अदालत के सामने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। सुनवाई के दौरान 19 वर्षीय आरोपी ने जज के सामने कहा- मुझसे अपराध हो गया... गलती हो गई।
न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपिका ठकरन ने दिल्ली पुलिस की उस याचिका को स्वीकार कर लिया जिसमें आरोपी से चार दिन की हिरासत में पूछताछ की मांग की गई थी। आरोपी जिसका चेहरा कपड़े से ढका हुआ था को दोपहर लगभग 2:30 बजे खचाखच भरे न्यायालय में पेश किया गया। मजिस्ट्रेट ने मीना से चिकित्सा-कानूनी रिपोर्ट (एमएलसी) में दर्शाई गई चोटों के बारे में पूछा, जिस पर आरोपी ने कहा कि छत से उतरते समय उसे चोट लगी। अदालत द्वारा आगे पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने कहा कि उसने एक गलती और एक अपराध किया है। जब अदालत ने आरोपी से अपराध करने का कारण पूछा, तो मीना ने कहा कि एक लॉकर खोलने के लिए मृतक के फिंगरप्रिंट की आवश्यकता थी।
जांचकर्ताओं का मानना है कि मीना ने कथित तौर पर भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी की बेटी के साथ बेहोशी की हालत में बलात्कार किया और बाद में उसे घसीटकर नीचे ले गया। इसके बाद उसने पीड़िता के फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल करके लॉकर खोलने की कोशिश की फिर स्क्रूड्राइवर से लॉकर तोड़कर नकदी और गहने चुरा लिए। हालांकि अदालत ने स्पष्ट किया कि इसे औपचारिक इकबालिया बयान नहीं माना जाएगा।
दिल्ली पुलिस ने इस जघन्य अपराध की जांच के लिए आरोपी से चार दिन की हिरासत में पूछताछ के लिए रिमांड आवेदन दिया था।
अभियोजन पक्ष ने कहा कि उसे पीड़िता का मोबाइल फोन ढूंढना होगा आरोपी के आने-जाने के रास्ते का पता लगाना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि क्या इस अपराध में कोई और भी शामिल था। अभियोजन पक्ष ने कहा, "हम अलवर में उसके खिलाफ इसी तरह के एक मामले की भी जांच कर रहे हैं।" बुधवार सुबह आरोपी और उसके साथियों द्वारा राजस्थान के अलवर में एक अन्य महिला के साथ कथित यौन उत्पीड़न के कुछ घंटों बाद 22 वर्षीय आईआईटी स्नातक पीड़िता के साथ कैलाश हिल्स स्थित उसके आवास पर उनके पूर्व घरेलू नौकर मीना ने कथित तौर पर बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी।
