लूट, दुष्क'र्म और फिर मर्डर… IRS की बेटी का हत्यारा पूर्व नौकर होटल से अरेस्ट, मोबाइल चार्जर की तार से घोंटा था गला

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 10:31 PM (IST)

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसमें पॉश इलाके कैलाश हिल्स में भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के वरिष्ठ अधिकारी की आईआईटी से पढ़ी 22 वर्षीय बेटी की बुधवार सुबह कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई। आरोपी ने इस घटना से कुछ वक्त पहले राजस्थान के अलवर में भी एक महिला का यौन उत्पीड़न किया था। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने शाम में बताया कि इस मामले में घर के पूर्व घरेलू सहायक राहुल मीणा (19) को गिरफ्तार किया गया है जिसने घर में करीब आठ महीने तक काम किया, लेकिन दैनिक खरीद बिलों में हेराफेरी के आरोप में लगभग एक महीने पहले उसे काम से निकाल दिया गया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़ित के माता-पिता जिम जाते समय सुबह घर में ताला लगा देते थे और चाबियां घरेलू सहायक के लिए बाहर रख देते थे। पुलिस ने बताया कि राहुल को यह पता था कि चाबियां कहां रखी जाती हैं, और उसने बुधवार को घर में प्रवेश करने के लिए उन्हीं चाबियों का इस्तेमाल किया। पुलिस के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने जिम से लौटने के बाद युवती को कमरे में मृत पाया। इसने बताया कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा की तैयारी कर रही युवती घटना के वक्त घर में अकेली थी। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवती का यौन उत्पीड़न किया गया और फिर मोबाइल फोन के चार्जर के केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने कहा कि वह यौन उत्पीड़न की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मीणा घर से पूरी तरह वाकिफ है, जिसमें घर का डिजाइन और परिवार के सदस्यों की दिनचर्या भी शामिल है। पुलिस ने यह भी बताया कि उसने पूछताछ के लिए इलाके के एक कार क्लीनर और पड़ोस के एक घरेलू सहायक को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने कहा कि आरोपी सुबह करीब छह बजे घर में दाखिल हुआ, युवती पर हमला किया और उसका यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता पर कथित तौर पर डंडे से हमला किया गया, जिससे उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने यह भी कहा कि आरोपी को काम पर रखते समय उसके सत्यापन के बारे में कोई जानकारी नहीं है। सूत्रों ने बताया कि पीड़िता ने कड़ा प्रतिरोध किया, जिसके बाद आरोपी ने उसे काबू में करने के लिए डंडे से उसके सिर पर वार किया और फिर चार्जिंग केबल से उसका गला घोंट दिया। पुलिस को संदेह है कि अपराध सुबह छह बजे से सात बजे के बीच किया गया था। यह समय संभवतः इसलिए चुना गया क्योंकि दो अन्य घरेलू सहायक आमतौर पर देर से काम पर आते हैं।

पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि घटना के बाद परिवार के सदस्यों ने तुरंत सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की और मीणा को अपने घर में प्रवेश करते और तीसरी मंजिल पर जाते देखा जहां पीड़िता रहती थी। परिवार ने पहले ही पूरी सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध पास की एक सड़क पर लगे कैमरे की फुटेज में भी देखा गया जिसमें उसने पीठ पर बैग लटका रखा था। पुलिस ने बताया कि मीणा राजस्थान के अलवर में यौन उत्पीड़न के एक मामले में भी वांछित है।

अलवर के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया, ''आरोपी के खिलाफ बुधवार को मामला दर्ज किया गया। उसने 21 अप्रैल को राजगढ़ में एक महिला के साथ अपराध किया और अलवर से भागकर दिल्ली चला गया।'' अधिकारी ने कहा, ''आरोपी के खिलाफ राजगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। हम दिल्ली पुलिस के संपर्क में हैं और दिल्ली पुलिस की एक टीम ने भी उसके परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने के लिए यहां का दौरा किया है।'' दिल्ली पुलिस ने पहले कहा था कि मीणा को कुछ दिन पहले भी घर के बाहर देखा गया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "हम सभी संभावित कोणों से जांच कर रहे हैं और सबूत जुटा रहे हैं।" पुलिस को घटना की जानकारी सुबह करीब नौ बजे पीड़िता के माता-पिता से मिली, जिन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या में उनका पूर्व घरेलू सहायक शामिल है। पुलिस ने बताया कि युवती ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर ली थी और लोक सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थी।

जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "हमें पता चला है कि राजस्थान में अपराध करने के बाद वह वहां से भागकर दिल्ली आ गया। वह सीधे यहां कैलाश हिल्स पहुंचा। उसे उस सटीक जगह का पता था जहां लड़की के माता-पिता जिम जाने के दौरान चाबियां छिपाते थे।" अधिकारी ने कहा, "वह घर में तब घुसा जब सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं थे। अपराध करने के बाद वह जंगल की तरफ भाग गया। हम इसकी भी जांच कर रहे हैं कि क्या आरोपी ने भागने से ठीक पहले अपने कपड़े बदले थे।" अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के कमरे के प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगे थे, जिसकी लाइव फीड पीड़िता और उसके पिता दोनों के मोबाइल फोन पर उपलब्ध थी। इससे पहले पुलिस ने कहा था कि संदेह है कि आरोपी पीड़िता का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया है। उन्होंने बताया कि अलग-अलग इकाइयों और थानों की 20 से अधिक टीमें इस मामले पर काम कर रही हैं। इस नृशंस घटना ने उच्च वर्गीय आवासीय इलाके में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है।

ग्रेटर कैलाश की विधायक शिखा राय ने कहा कि पीड़िता प्रतिभाशाली युवती थी जिसका भविष्य आशाजनक था और उसकी मृत्यु पूरे समुदाय के लिए एक दर्दनाक क्षति है। राय ने कहा, "मैं उसे कई सालों से व्यक्तिगत रूप से जानती हूं और उसे एक अनुशासित और असाधारण रूप से प्रतिभाशाली लड़की के रूप में बड़े होते देखा है। वह अपनी पढ़ाई में मेधावी थी, आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग पूरी की थी और कृत संकल्प के साथ यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही थी।" उन्होंने कहा, "वह नृत्य और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उतनी ही अच्छी थी और अपनी पढ़ाई पर पूरी तरह केंद्रित होने के बावजूद, वह विनम्र थी और अपने आसपास के लोगों से जुड़ी रही।" पुलिस के बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फॉरेंसिक टीमों ने अपराध स्थल से सबूत जुटाए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News