ठाणे: फर्जी IRS अधिकारी ने IIT मुंबई में एडमिशन के नाम पर महिला से ठगे 12.5 लाख रुपये
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 10:44 AM (IST)
IIT Bombay Admission Scam : ठाणे की एक महिला से एक व्यक्ति ने वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बनकर कथित तौर पर उसके बेटे को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई में प्रवेश दिलाने का वादा किया और 12.5 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आरोपी ने खुद को बताया IRS अधिकारी
दिवा इलाके में महिला के ही आवास परिसर में रहने वाले आरोपी ने खुद को भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) का अधिकारी बताया और विभिन्न सरकारी विभागों में अपना मजबूत प्रभाव होने का दावा किया। मुंब्रा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने 45 वर्षीय महिला को आश्वस्त किया कि वह उसके बेटे का दाखिला आईआईटी मुंबई में करवा देगा।
यह भी पढ़ें: बागपत: मलकपुर चीनी मिल में ज़हरीली गैस का तांडव, एक कर्मचारी की मौत, 5 अस्पताल में भर्ती
उन्होंने कहा, ''इसी बहाने उसने 2023 में समय-समय पर पीड़िता से 12,50,000 रुपये ले लिए।'' लेकिन आरोपी का वादा पूरा नहीं होने और महिला द्वारा उससे सवाल किए जाने पर उसने टालमटोल भरे जवाब दिए।
पुलिस थाने में दर्ज कराई शिकायत
महिला ने सप्ताह की शुरुआत में पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और प्रतिरूपण के लिए संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई।
