भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर विदेश मंत्रालय का आया बड़ा अपडेट, कहा- दोनों देश...

punjabkesari.in Friday, Sep 19, 2025 - 05:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क : अमेरिका ने हाल ही में भारतीय सामानों पर 50% तक का टैरिफ (शुल्क) लगा दिया है। इसी मुद्दे को लेकर भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ता पर विदेश मंत्रालय ने बड़ा अपडेट दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच बातचीत लगातार आगे बढ़ रही है। दोनों देश इस कोशिश में हैं कि एक ऐसा समझौता जल्द से जल्द किया जाए, जिससे दोनों पक्षों को फायदा हो।

16 सितंबर को हुई थी अहम बैठक

16 सितंबर 2025 को अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत आया था। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अमेरिकी सहायक व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच ने किया। उन्होंने वाणिज्य मंत्रालय में भारतीय अधिकारियों के साथ लंबी चर्चा की। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात हुई और माहौल सकारात्मक रहा। जायसवाल ने कहा कि दोनों देश अब समझौते को जल्दी पूरा करने की दिशा में तेजी से काम करेंगे।

सऊदी अरब-पाकिस्तान समझौते पर भारत की प्रतिक्रिया

जब विदेश मंत्रालय से सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच हुए समझौते पर सवाल पूछा गया तो रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और सऊदी अरब के बीच पहले से ही गहरी रणनीतिक साझेदारी है। हाल के वर्षों में यह रिश्ता और मजबूत हुआ है। भारत को भरोसा है कि इस साझेदारी में दोनों देशों के हितों और संवेदनशील मुद्दों का ध्यान रखा जाएगा।

पीयूष गोयल का बयान

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी हाल ही में कहा कि भारत-अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता सही दिशा में जा रही है। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल और भारतीय अधिकारियों के बीच पूरे दिनभर चर्चा हुई, जिसमें प्रगति देखने को मिली।

वाणिज्य मंत्रालय का बयान

बैठक के बाद वाणिज्य मंत्रालय ने भी बयान जारी किया। इसमें कहा गया कि 'दोनों पक्षों ने मिलकर पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए प्रयास तेज करने का निर्णय लिया है।'

 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News