'आउटेज के कारण का पता चल गया, हम माइक्रोसॉफ्ट के संपर्क में हैं', IT मंत्री अश्विनी वैष्णव

punjabkesari.in Friday, Jul 19, 2024 - 03:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क: सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि उनका मंत्रालय दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में वैश्विक स्तर पर पेश आ रही रुकावट के संबंध में कंपनी के संपर्क में है और इस घटना का देश के एनआईसी नेटवर्क पर कोई असर नहीं देखा गया है। वैष्णव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा है कि इस तकनीकी रुकावट के कारण को चिह्नित कर लिया गया है और इस मसले का हल निकालने के लिए ‘अपडेट' जारी कर दिए गए हैं।

वैष्णव ने कहा, "सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्रालय वैश्विक गतिरोध के संबंध में माइक्रोसॉफ्ट और उसकी सहयोगी इकाइयों के संपर्क में है। एनआईसी नेटवर्क इससे प्रभावित नहीं हुआ है।" उन्होंने कहा कि इस संबंध में साइबर सुरक्षा संबंधी नोडल एजेंसी सर्ट-इन की तरफ से एक तकनीकी परामर्श जारी किया जा रहा है।
 

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत गठित कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल सर्ट-इन ने ‘क्राउडस्ट्राइक अपडेट' की वजह से माइक्रोसॉफ्ट सेवाओं में आई रुकावट पर एक सलाह जारी करते हुए इसे ‘गंभीर' समस्या बताया है। यह सलाह वैश्विक स्तर पर माइक्रोसॉफ्ट उपयोगकर्ताओं द्वारा बड़े पैमाने पर देखे जा रहे व्यवधान तथा अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों, बैंकों और मीडिया कंपनियों में व्यवधान की व्यापक रिपोर्ट के बीच आई है।

आए अपडेट के कारण विंडोज क्रैश हो जा रहा
सर्ट-इन ने अपनी सलाह में कहा, "यह बताया गया है कि क्राउडस्ट्राइक एजेंट 'फाल्कन सेंसर' से संबंधित विंडोज होस्ट को व्यवधान का सामना करना पड़ रहा है और हाल ही में आए अपडेट के कारण विंडोज क्रैश हो जा रहा है। संबंधित विंडोज सिस्टम को फाल्कन सेंसर से संबंधित 'ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ (बीएसओडी)' का सामना करना पड़ रहा है।" माइक्रोसॉफ्ट के विंडोज सिस्टम में आए नए ‘अपडेट' को डाउनलोड करने की वजह से दुनिया भर में उपयोगकर्ताओं को तकनीकी रुकावट का सामना करना पड़ रहा है।


आज दुनियाभर के माइक्रोसॉफ्ट यूजर्स को अपने कम्प्यूर और लैपटॉप में विंडोज (Windows) की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कम्प्यूटर और लैपटॉप ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ (BSOD) की समस्या से प्रभावित हो रहे हैं, जिसके चलते सिस्टम बार-बार रिस्टार्ट हो रहे हैं। इस समस्या की वजह से यूजर्स का काम करना मुश्किल हो गया है। क्राउडस्ट्राइक नामक साइबर सिक्योरिटी कंपनी द्वारा एक अपडेट जारी किया गया था, जिसके बाद MS विंडोज पर चलने वाले सभी कंप्यूटर और लैपटॉप अचानक क्रैश कर रहे हैं।

जानिए क्या है BSOD?
उपयोगकर्ताओं को स्क्रीन पर एक संदेश दिखाई दे रहा है, जिसमें लिखा है- 'कम्प्यूटर समस्या में है। इसे रीस्टार्ट की जरूरत है।' इस प्रक्रिया को ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ (BSOD) कहा जाता है। माइक्रोसॉफ्ट विंडोज में आई इस समस्या का असर कंपनी से जुड़ी कई सेवाओं पर पड़ा है। उपयोगकर्ताओं को माइक्रोसॉफ्ट 365, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स, माइक्रोसॉफ्ट Azure, माइक्रोसॉफ्ट स्टोर और माइक्रोसॉफ्ट क्लाउड सेवाओं में दिक्कतें आ रही हैं।

माइक्रोसॉफ्ट 365 में खराबी की 900 से ज्यादा रिपोर्ट सामने आई हैं। 74% उपयोगकर्ता माइक्रोसॉफ्ट स्टोर में लॉगिन नहीं कर पा रहे हैं, जबकि 36% उपयोगकर्ताओं को ऐप में समस्याएं आ रही हैं। इसके अलावा कंपनी से जुड़े अन्य प्लेटफॉर्म्स पर भी समस्याएं देखी जा रही हैं।

 

 

 



 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News