समुद्र में Hantavirus का कहर: लग्जरी क्रूज़ से लौटे यात्री में मिले लक्षण, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 09:03 AM (IST)
Canada Hantavirus Case: एमवी होंडियस' (MV Hondius) नामक लग्जरी क्रूज़ जहाज पर फैला जानलेवा हंतावायरस (Hantavirus) अब देशों की सीमाओं को पार करने लगा है। इस जहाज की यात्रा कर कनाडा लौटे चार नागरिकों में से एक बुजुर्ग में शुरुआती जांच के दौरान इस खतरनाक वायरस से संक्रमित होने के संकेत मिले हैं। जिसके बाद से ही लोगों में हड़कंप मच गया है। कनाडाई स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस मामले की पुष्टि करते हुए अलर्ट जारी किया है।
ब्रिटिश कोलंबिया की जनस्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बॉनी हेनरी ने बताया कि विनिपेग स्थित राष्ट्रीय प्रयोगशाला से अंतिम पुष्टि संबंधी रिपोर्ट सप्ताहांत तक आने की संभावना है। उन्होंने कहा, हमें इसकी बिल्कुल उम्मीद नहीं थी लेकिन हम स्थिति से निपटने के लिए तैयार थे। दंपति में से एक में दो दिन पहले हल्के लक्षण दिखाई देने शुरू हुए। सत्ता वर्षीय व्यक्ति को बुखार और सिरदर्द जैसी शिकायतें थीं।

फिलहाल दोनों को विक्टोरिया के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेनरी ने बताया कि मरीज की हालत स्थिर है और लक्षण फिलहाल हल्के हैं। उन्हें अस्पताल में अलग निगरानी में रखा गया है। दूसरे सदस्य में बेहद मामूली लक्षण पाए गए लेकिन जांच में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: लाख कोशिशों के बाद भी Reels पर नहीं आ रहे Views? तुरंत बदलें Instagram की ये हिडन सेटिंग्स
उन्होंने कहा, कम से कम राहत की बात यह है कि लक्षणों का समय रहते पता चल गया। दोनों को अगले कई दिन तक निगरानी में रखा जाएगा। एमवी होंडियस जहाज पर हंटा वायरस का प्रकोप शुरू होने के बाद से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। अगर कनाडाई मरीज में संक्रमण की पुष्टि होती है तो वह इस जहाज से संक्रमित पाए जाने वाले 10वें व्यक्ति होंगे।

जहाज पर संक्रमण के कुल 12 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से नौ की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में नीदरलैंड निवासी एक दंपति भी शामिल है। स्वास्थ्य अधिकारियों का मानना है कि दक्षिण अमेरिका की यात्रा के दौरान यही जोड़ा सबसे पहले इस वायरस से संक्रमित हुआ था।
