पूर्व ट्रेन ड्राइवर बना हॉलीवुड का नया हीरो, महज 42 हजार में बनाई AI शॉर्ट फिल्म, अब मिल रहे बड़े ऑफर
punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 12:29 AM (IST)
इंटरनेशनल डेस्कः प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती और इसे चीन के एक 29 वर्षीय पूर्व ट्रेन ड्राइवर ने सच कर दिखाया है। लियू ज़ियू (Liu Ziyu) नाम के इस युवक ने अपनी कल्पनाशक्ति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के मेल से ऐसा चमत्कार कर दिखाया है कि आज हॉलीवुड के बड़े-बड़े फिल्म निर्माता उसे नौकरी देने के लिए कतार में खड़े हैं।
42 हजार का बजट और 3.5 मिनट का 'वंडर'
चीन के युन्नान प्रांत के रहने वाले लियू ने महज 3,000 युआन (लगभग 42,246 रुपये) के मामूली बजट में 3.5 मिनट की एक शॉर्ट फिल्म 'ज़ोंबी स्केवेंजर' (Zombie Scavenger) तैयार की है। पिक्सर की 'WALL-E' से प्रेरित यह फिल्म एक रोबोट और एक गुड़िया के बीच की अनोखी प्रेम कहानी है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी फिल्म को बनाने में लियू को महज 10 दिन का समय लगा।
ट्रेन की पटरी से हॉलीवुड तक का सफर
लियू का फिल्मी दुनिया से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं था। उन्होंने एक टेक्निकल स्कूल से कंबशन इंजन ड्राइविंग की पढ़ाई की और तीन साल तक ट्रेन ड्राइवर के रूप में काम किया। इसके बाद उन्होंने शादियों में फोटोग्राफी शुरू की। फिल्म निर्माण या कंप्यूटर साइंस में उनकी कोई औपचारिक शिक्षा नहीं है। उन्होंने बस अपने माता-पिता के होटल के प्रमोशन के लिए AI टूल्स के साथ प्रयोग करना शुरू किया था और वहीं से इस सफर की शुरुआत हुई।
This is one of the best short films I've seen in years.
— PJ Ace (@PJaccetturo) May 10, 2026
Very soon, we'll stop calling it "AI film" and just call it film. pic.twitter.com/6yjU6HcnzN
हॉलीवुड फिल्म मेकर ने सोशल मीडिया पर ढूंढा
लियू की यह फिल्म तब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वायरल हुई जब हॉलीवुड स्थित एआई फिल्म निर्माता पीजे असेटुरो (PJ Accetturo) ने इसका एक क्लिप साझा किया। असेटुरो ने इसे पिछले कई सालों में देखी गई सबसे बेहतरीन शॉर्ट फिल्मों में से एक बताया और सोशल मीडिया पर लोगों से अपील की कि वे इस फिल्म के डायरेक्टर को ढूंढने में मदद करें ताकि वह उसे नौकरी दे सकें।
ठुकराया अमेरिका जाने का ऑफर
हॉलीवुड से मिले इतने बड़े मौके के बावजूद लियू के पैर जमीन पर हैं। उन्होंने फिलहाल विदेश जाने या वहां बसने के ऑफर को विनम्रता से ठुकरा दिया है। इसका एक कारण यह भी है कि वे अंग्रेजी नहीं जानते और फिलहाल चीन में रहकर ही अपना काम जारी रखना चाहते हैं। हालांकि, वे अमेरिकी टीम के साथ भविष्य के प्रोजेक्ट्स पर सहयोग करने के लिए तैयार हैं।
6 करोड़ व्यूज, फिर भी जमीन पर हैं लियू
दुनिया भर में 6 करोड़ से अधिक बार देखी जा चुकी इस फिल्म के अधिकार अब एक चीनी फिल्म कंपनी ने खरीद लिए हैं। इतनी बड़ी सफलता पर लियू का कहना है कि वे इस अल्पकालिक सफलता से भ्रमित नहीं होना चाहते और लगातार सीखते रहना चाहते हैं।
