बड़ा हादसाः हिमाचल के कुल्लू में टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त, 3 पर्यटकों की मौत, कई घायल
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 10:57 PM (IST)
नेशनल डेस्कः हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल में शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। औट-लुहरी-सैंज राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर सोझा के पास पर्यटकों से भरा एक ट्रैवलर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में करीब 15 लोग सवार थे, जो घूमकर वापस लौट रहे थे। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
खराब मौसम बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी पर्यटक जालोरी पास से घूमकर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया, जिससे सड़क पर फिसलन बढ़ गई। पहाड़ी रास्ता पहले से ही संकरा और खस्ताहाल बताया जा रहा है। ऐसे में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैवलर सीधे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
देर रात तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही बंजार पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में बढ़-चढ़कर मदद की। राहत और बचाव अभियान देर रात तक जारी रहा, जिसमें 11 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर बंजार अस्पताल पहुंचाया गया।
