Bitcoin Scam in Bengaluru: ‘Sorry’ लिखकर किया मैसेज, चैटिंग में उलझा शख्स और अकाउंट से उड़ गए ₹70 लाख

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 09:05 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कभी-कभी एक अनजान 'सॉरी' भी आपकी जिंदगी भर की कमाई पर भारी पड़ सकती है। बेंगलुरु में रहने वाले एक 50 वर्षीय प्रोफेशनल के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, जिन्हें टेलीग्राम पर मिले एक 'गलत' मैसेज ने 70 लाख रुपये का चपत लगा दी। ठगी का यह तरीका इतना शातिर था कि पीड़ित को भनक तक नहीं लगी कि वह एक सुनियोजित जाल में फंसते जा रहे हैं।

एक 'रॉन्ग नंबर' से शुरू हुई दोस्ती का खौफनाक अंत
इस पूरी कहानी की शुरुआत टेलीग्राम पर हुई, जब प्रिया नाम की एक महिला ने विक्टिम को मैसेज किया। उसने दावा किया कि वह राहुल नाम के किसी व्यक्ति को मैसेज भेज रही थी और गलती से वह उन्हें चला गया। इस छोटी सी माफी से बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे वॉट्सऐप तक पहुंच गया। महिला ने खुद को लंदन की एक बड़ी कारोबारी बताकर शख्स का भरोसा जीत लिया।

बिटकॉइन का झांसा और मुनाफे का मायाजाल
बातचीत जब गहरा गई, तो महिला ने अपनी अमीरी का राज 'बिटकॉइन ट्रेडिंग' को बताया। उसने दावा किया कि पिछले पांच सालों में उसने इससे करोड़ों कमाए हैं। जल्द ही उसने विक्टिम को भी अमीर बनने का सपना दिखाया और एक लिंक भेजकर ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनवाया। शुरुआत में पीड़ित ने 50 हजार रुपये लगाए और जब उन्हें स्क्रीन पर मुनाफा दिखने लगा, तो उनका लालच बढ़ गया।

लोन लेकर लगाए पैसे, फिर हुआ अहसास
मुनाफे के ग्राफ को देखकर शख्स इतना उत्साहित हुआ कि उसने अपनी जमा-पूंजी के अलावा बैंक से लोन लेकर भी पैसे लगा दिए। उन्होंने अलग-अलग 8 खातों में कुल 60 लाख रुपये ट्रांसफर किए। उनके डिजिटल डैशबोर्ड पर उनका बैलेंस बढ़कर 2.6 करोड़ रुपये दिखने लगा था। असली झटका तब लगा जब उन्होंने यह रकम निकालनी चाही।

पैसे विड्रॉ करने की कोशिश नाकाम रहने पर जब उन्होंने कस्टमर केयर से संपर्क किया, तो उनसे और पैसों की मांग की गई। तब जाकर उन्हें समझ आया कि जो करोड़ों का मुनाफा उन्हें स्क्रीन पर दिख रहा था, वह महज एक आंकड़ा था और उनके असल 70 लाख रुपये ठगों के पास जा चुके थे। फिलहाल, पीड़ित ने नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। यह मामला याद दिलाता है कि इंटरनेट पर 'गलती से आए' मैसेज और रातों-रात अमीर बनाने वाले वादों से दूरी बनाना ही समझदारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News