तमिलनाडु की रिनी संपत ने वाशिंगटन DC के मेयर चुनाव में उतरकर रचा इतिहास, बनी पहली दक्षिण एशियाई उम्मीदवार
punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 11:05 AM (IST)
Tamil Nadu News: तमिलनाडु में जन्मी 31 वर्षीय रिनी संपत (रिनी वाशिंगटन) अब वाशिंगटन डीसी के मेयर चुनाव में उतरकर इतिहास रचने की कोशिश कर रही हैं। वह इस पद के लिए चुनाव लड़ने वाली पहली दक्षिण एशियाई उम्मीदवार बन गई हैं।
रिनी संपत ने वाशिंगटन DC के मेयर चुनाव में उतरकर रचा इतिहास
तमिलनाडु के थेनी में जन्मीं रिनी संपत सात साल की उम्र में अमेरिका चली गई थीं। पिछले 10 साल से ज्यादा समय से वह वाशिंगटन डीसी में रह रही हैं। अब उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से मेयर पद का चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उनका चुनाव अभियान “बुनियादी चीजों को ठीक करो” और “नए डीसी” के वादे पर आधारित है। रिनी का कहना है कि वह कोई पारंपरिक नेता नहीं हैं और किसी खास समूह से जुड़ी नहीं हैं। उनका मानना है कि अब शहर की बुनियादी सेवाओं को सुधारने पर ध्यान देने का समय है। उन्होंने कहा कि उनके पास सीमित संसाधन हैं, लेकिन जनता का समर्थन मिल रहा है। सिर्फ चार हफ्तों में ही उन्होंने बड़ी पहचान बना ली है और उन्हें विश्वास है कि उनके पास जीतने का मौका है।
"अगर वह मेयर बनती हैं तो..."
वाशिंगटन डीसी में लंबे समय से डेमोक्रेटिक पार्टी का दबदबा रहा है और 1975 से अब तक यहां कोई रिपब्लिकन मेयर नहीं बना है। यहां का प्रशासन एक चुने हुए मेयर और 13 सदस्यीय काउंसिल द्वारा चलाया जाता है। रिनी संपत का कहना है कि अगर वह मेयर बनती हैं तो उनकी प्राथमिकता शहर की बुनियादी समस्याओं को हल करना होगा। इसमें सड़कों के गड्ढे भरना, पोटोमैक नदी में गंदे पानी के रिसाव को रोकना, महंगाई कम करना और पुलिस हेल्पलाइन पर इंतजार का समय घटाना शामिल है। डीसी में प्राइमरी चुनाव 16 जून को होंगे, जबकि आम चुनाव 3 नवंबर को होने वाले हैं। इस चुनाव में उनके साथ कई अन्य उम्मीदवार भी मैदान में हैं।
