बकरीद पर 107 सालों का इतिहास बदला, इस राज्य सरकार ने लिया बड़ा फैसला

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 08:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क : कोलकाता में मुस्लिम समुदाय ने बृहस्पतिवार को विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करके ईद अल-अजहा (बकरीद) का त्योहार मनाया। हजारों श्रद्धालु यहां ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भी एकत्रित हुए, जहां कोलकाता खिलाफत कमेटी द्वारा पारंपरिक ईद की नमाज का आयोजन किया गया क्योंकि 107 साल बाद प्रशासन ने परंपरागत 'रेड रोड' स्थल पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं दी थी।

तृणमूल कांग्रेस के विधायक और कोलकाता खिलाफत कमेटी के प्रमुख जावेद खान ने वैकल्पिक स्थल पर नमाज अदा करने की अनुमति देने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार का आभार व्यक्त किया। खान ने कहा, ''हम सरकार और प्रशासन के आभारी हैं कि उन्होंने व्यवस्था की ताकि लोग ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शांतिपूर्वक नमाज अदा कर सकें।'' पुलिस ने पूरे शहर में, विशेष रूप से प्रमुख मस्जिदों और नमाज स्थलों के आसपास, व्यापक सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी और वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कई स्थानीय मस्जिदों में नमाज कई पालियों में अदा की गई ताकि नमाजियों की भीड़ सड़कों पर न फैले और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। कोलकाता के मध्य में स्थित ऐतिहासिक टीपू सुल्तान मस्जिद के बाहर नमाज के बाद मौलवियों ने पुलिसकर्मियों को फूल और मिठाई भेंट करके उन्हें बधाई दी जो व्यवस्था बनाए रखने और त्योहार का बेहतर आयोजन सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों के प्रति आभार का प्रतीक था।

यह त्योहार भाजपा सरकार के उस निर्देश के बीच मनाया गया जिसमें सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रार्थना करने पर रोक लगा दी गयी है। प्रशासन ने इस बात पर जोर दिया कि धार्मिक सभाओं से यातायात या सार्वजनिक जीवन में बाधा नहीं पड़नी चाहिए। राज्य प्रशासन ने नीति के अनुरूप ईद का मुख्य आयोजन स्थल रेड रोड से ब्रिगेड परेड ग्राउंड में स्थानांतरित कर दिया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News