सोशल मीडिया पर छाई हाथी के गोबर से बनी मिठाई, कीमत जान उड़ जाएंगे होश
punjabkesari.in Thursday, Apr 17, 2025 - 05:07 PM (IST)

नेशनल डेस्क: एक खास रेस्टोरेंट ने हाल ही में एक ऐसी मिठाई पेश की है, जो लोगों को चौंका रही है। इस मिठाई को हाथी के सूखे गोबर से तैयार किया गया है और इसे ‘इको-फ्रेंडली’ यानी पर्यावरण के अनुकूल बताया जा रहा है।
यह खबर तब सामने आई जब 7 अप्रैल को 'मिक्स्यूज़ क्यूलिनरी नोट्स' नाम के एक मशहूर फूड ब्लॉगर ने चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेड नोट पर इसका वीडियो शेयर किया। वीडियो वायरल होते ही लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई- कुछ लोग इस प्रयोग से हैरान थे, तो कुछ को यह बिल्कुल भी पसंद नहीं आया।
कैसी है ये मिठाई?
यह मिठाई शंघाई के एक खास रेस्टोरेंट में तैयार की गई है। इस मिठाई को हाथी के सूखे मल (गोबर) से बनाया गया है, जो पहले साफ और कीटाणु रहित किया जाता है। इसमें प्राकृतिक चीज़ें जैसे हर्बल परफ्यूम, फल का जैम, पराग (pollen) और शहद मिलाया गया है, जिससे इसका स्वाद और सुगंध खास बनती है। रेस्टोरेंट में ये डिश एक विशेष वर्षावन (रेनफॉरेस्ट) थीम वाले मेन्यू का हिस्सा है, जिसमें अनोखे और अपरंपरागत व्यंजन परोसे जाते हैं।
रेस्टोरेंट की थीम और विचार
इस रेस्टोरेंट को दो लोगों ने मिलकर शुरू किया है- एक चीन के ब्लांग जनजाति से और दूसरा फ्रांस से है। दोनों ने युन्नान प्रांत के वर्षावनों में सात साल तक रिसर्च की और फिर शंघाई में इस रेस्टोरेंट की शुरुआत की। यहां आने वाले ग्राहकों को खास अनुभव दिया जाता है, जिसमें उन्हें पौधों से पत्ते तोड़कर खाने, शहद में लिपटे बर्फ के टुकड़े चाटने जैसे कई नए फूड आइटम्स का अनुभव कराया जाता है।
कीमत
इस गोबर वाली मिठाई को खाने के लिए ग्राहक से 3,888 युआन (करीब 46,000 रुपए) तक वसूले जाते हैं। इतना महंगा और अजीब व्यंजन देखकर कई लोग सोशल मीडिया पर हैरानी जताते दिखे। एक यूजर ने लिखा, “यह तो बेहद डरावना और घिनौना है।” एक और ने तंज कसा, “धनी लोग कुछ भी खा सकते हैं।” हालांकि हाथी के गोबर का उपयोग कागज बनाने जैसे उत्पादों में पहले से होता आया है, लेकिन इसे खाने योग्य बनाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।