प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम में दो लोगों की संदिग्ध हालात में मौत, इलाके में मचा हड़कंप...पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 10:58 PM (IST)

नेशनल डेस्कः मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम में दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। दोनों शवों को जिला अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उन्हें पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखा गया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

अभी तक नहीं हुई पहचान

मृतकों की आधिकारिक पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। यह भी साफ नहीं है कि वे धाम के किस हिस्से में ठहरे हुए थे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, घटना अचानक हुई। इसके बाद धाम प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। दोनों शवों को जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं स्वास्थ्य संबंधी कारण, दुर्घटना या किसी अन्य वजह से यह घटना तो नहीं हुई। फिलहाल सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जब मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. आर.के. गुप्ता से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है और वे एक जरूरी बैठक में व्यस्त हैं, इसलिए इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।

प्रशासन की चुप्पी से बढ़ी अटकलें

घटना के बाद क्षेत्र में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि धाम प्रबंधन और संबंधित अधिकारी खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। प्रशासनिक चुप्पी के कारण मामला और संवेदनशील हो गया है। वमीठा थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की ओर से बीमारी के कारण मौत होने की बात कही जा रही है। फिर भी पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। अब सभी की नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News