17 वर्षीय ''विवाहित'' लड़की का शव कुएं में मिला, मचा हडकंप

punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 10:55 PM (IST)

नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के बीड जिले में पिछले तीन दिन से लापता 17 वर्षीय एक ''विवाहित'' लड़की का शव एक कुएं से मिला है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि किशोरी का शव धारूर तहसील में मिला। उसने बताया कि लड़की की एक साल पहले वडवणी तहसील के एक गांव में रहने वाले युवक से कथित तौर पर शादी हुई थी।

सूत्रों के अनुसार, वह शादी के बाद शुरुआती छह महीने अपने ''ससुराल में रही और इसके बाद कासारी स्थित अपने मायके'' लौट आई। उन्होंने बताया कि उसके अपने मायके लंबे समय तक रहने का कारण अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बताया कि लड़की तीन दिन पहले लापता हो गई थी जिसके बाद उसके पिता ने धारूर पुलिस के पास गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

एक अधिकारी ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए बताया कि मौत के समय लड़की की उम्र 17 साल 10 महीने थी। उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि एक साल पहले जब उसकी ''शादी'' कराई गई थी तब वह 16 साल की थी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में उसकी शादी की पुष्टि होती है तो उसके माता-पिता एवं ससुराल पक्ष, दोनों के खिलाफ बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।

अधिकारी ने कहा, ''शव को विस्तृत फोरेंसिक विश्लेषण के लिए अंबाजोगाई के स्वामी रामानंद तीर्थ ग्रामीण शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय एवं रुग्णालय भिजवाया गया है ताकि मौत के सही कारण का पता लगाया जा सके।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News