''गुस्सा छोड़ दो भाई...'' IND vs PAK मैच में सूर्या-कुलदीप की ‘लड़ाई’ के बाद अब होटल की गैलरी से आया नया VIDEO
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 12:04 PM (IST)
नेशनल डेस्क: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान को 61 रनों से धूल चटाने के बाद जब खिलाड़ी आपस में हाथ मिला रहे थे, तब कुलदीप यादव और कप्तान सूर्यकुमार यादव के बीच तीखी अनबन कैमरे में कैद हुई। कुलदीप का सूर्या को कंधा मारकर निकल जाना और सूर्या का पलटकर जवाब देना, फैंस के बीच चिंता का विषय बन गया था कि क्या टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का माहौल बिगड़ रहा है?
कैच छूटने से शुरू हुआ था 'ड्रामा'
इस पूरे विवाद की जड़ मैच के दौरान घटी एक घटना थी। हार्दिक पांड्या की गेंद पर कुलदीप यादव से एक कैच क्या छूटा, मैदान पर सीनियर खिलाड़ियों का पारा चढ़ गया। सूर्या और हार्दिक का गुस्सा कुलदीप पर फूट पड़ा, जिसका असर मैच के बाद हैंडशेक के दौरान भी दिखा। देखते ही देखते सोशल मीडिया दो गुटों में बंट गया—कोई सूर्या के कप्तानी वाले तेवर के साथ था, तो कोई कुलदीप की नाराजगी को जायज ठहरा रहा था।
होटल में री-क्रिएट किया 'कंधा कांड'
वहीं अब अफवाहों के बाजार को शांत करने के लिए सूर्या और कुलदीप ने एक मास्टरस्ट्रोक खेला। दोनों ने अपने सोशल मीडिया पर एक फनी वीडियो शेयर किया है, जिसमें वे उसी 'हैंडशेक और कंधा टकराने' वाले मोमेंट को री-क्रिएट करते नजर आ रहे हैं। बैकग्राउंड में 'हेरा-फेरी' फिल्म का आइकॉनिक म्यूजिक और सूर्या का कैप्शन—‘गुस्सा छोड़ दो भाई’, यह बताने के लिए काफी है कि उनके बीच कोई कड़वाहट नहीं है। इस वीडियो ने साफ कर दिया कि मैदान की गर्मी वहीं रह गई और टीम का बॉन्ड पहले की तरह ही मजबूत है।
पाकिस्तान पर भारत की प्रचंड जीत
विवादों से इतर, कोलंबो के मैदान पर भारतीय टीम का दबदबा कायम रहा। ईशान किशन की 77 रनों की तूफानी पारी की बदौलत भारत ने 176 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था। जवाब में पाकिस्तानी बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढह गई और पूरी टीम महज 114 रनों पर सिमट गई। भारत ने 61 रनों की विशाल जीत के साथ वर्ल्ड कप में अपने विजय अभियान को जारी रखा है।
