चंडीगढ़ के बाद अब अंबाला में 'जॉम्बी ड्रग्स' की दहशत! सड़क किनारे मोटरसाइकिल सवार युवक का Video वायरल

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 01:21 AM (IST)

नेशनल डेस्क: चंडीगढ़ के बाद अब अंबाला से एक ऐसा चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर 'ज़ॉम्बी ड्रग्स' और युवाओं में ड्रग्स के बढ़ते चलन को लेकर नई बहस छेड़ दी है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक सड़क किनारे अपनी मोटरसाइकिल पर स्टैचू की तरह बैठा है। वह अपने आस-पास की चीजों से बिल्कुल बेखबर और बेजान दिख रहा है। जानकारी के मुताबिक, इस मोटरसाइकिल पर पंजाब की नंबर प्लेट है, जिससे यह मामला और भी रहस्यमयी हो गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक अपने आस-पास की किसी भी गतिविधि पर प्रतिक्रिया नहीं कर रहा था।

इस घटना से कुछ दिन पहले चंडीगढ़ से भी ऐसा ही एक वीडियो वायरल हुआ था। सोशल मीडिया यूज़र्स इन घटनाओं को खतरनाक ड्रग 'फेंटानिल' से जोड़ रहे हैं, जिसे अक्सर 'ज़ॉम्बी ड्रग' कहा जाता है। ट्विटर और इंस्टाग्राम पर #ZombieDrugs, #AmbalaViralVideo और #YouthCrisis जैसे हैशटैग तेज़ी से ट्रेंड कर रहे हैं।

हालांकि सोशल मीडिया पर ड्रग्स के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक इस युवक की हेल्थ कंडीशन या ड्रग्स लेने के बारे में अधिकारियों की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं आई है। एक्सपर्ट्स और एडमिनिस्ट्रेशन लोगों से अपील कर रहे हैं कि बिना किसी पक्की जानकारी के किसी नतीजे पर न पहुंचें।

इस मामले में एक्सपर्ट्स का कहना है कि ड्रग्स के साथ-साथ मेंटल हेल्थ से जुड़ी दिक्कतों को भी नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए। ऐसी घटनाओं के पीछे मानसिक अशांति भी एक वजह हो सकती है, इसलिए जागरूकता अभियान के दौरान ड्रग्स और मानसिक स्वास्थ्य दोनों पर सीरियस चर्चा होनी चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News