IPL 2026 शुरू होने से पहले सामने आया बड़ा अपडेट, जानिए कब और कितने मैच खेले जाएंगे

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 10:44 PM (IST)

नेशनल डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत अब बेहद करीब है, लेकिन अभी तक पूरे टूर्नामेंट का शेड्यूल सामने नहीं आया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने हाल ही में 28 मार्च से 12 अप्रैल तक के शुरुआती मुकाबलों का कार्यक्रम जारी किया था, जिसमें कुल 20 मैच शामिल हैं। बाकी मैचों की तारीखों का ऐलान अभी होना बाकी है।

कुल 74 मैच ही खेले जाएंगे

कुछ समय से यह चर्चा चल रही थी कि इस बार IPL में मैचों की संख्या बढ़ाकर 80 की जा सकती है। हालांकि, अब सामने आई जानकारी के मुताबिक ऐसा नहीं होगा। IPL 2026 में पहले की तरह ही कुल 74 मुकाबले खेले जाएंगे।

बाकी शेड्यूल जल्द होगा जारी

टूर्नामेंट के 54 मुकाबलों का शेड्यूल अभी जारी नहीं किया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, BCCI इन मैचों की तारीखों का ऐलान 26 मार्च तक कर सकता है। बताया जा रहा है कि बोर्ड ने फ्रेंचाइजियों को सूचित किया है कि पूरा शेड्यूल फाइनल करने में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं।

चुनावों के कारण देरी

शेड्यूल जारी करने में देरी की बड़ी वजह देश के कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और असम में चुनावी कार्यक्रम के चलते उन तारीखों पर IPL मैच नहीं रखे जाएंगे, जब मतदान होगा। जानकारी के मुताबिक, चेन्नई, कोलकाता और गुवाहाटी में वोटिंग के दिनों में कोई मुकाबला आयोजित नहीं किया जाएगा।

राजस्थान रॉयल्स के होम मैच पर नजर

शुरुआती कार्यक्रम में राजस्थान रॉयल्स के तीन घरेलू मैच गुवाहाटी में रखे गए हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बाकी मुकाबले भी वहीं होंगे या टीम अपने पारंपरिक होम ग्राउंड जयपुर में खेलेगी।

28 मार्च से शुरुआत, 31 मई को फाइनल

IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। अब फैंस को सिर्फ पूरे शेड्यूल के ऐलान का इंतजार है, ताकि वे अपने पसंदीदा मैचों की योजना बना सकें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News