4000 फीट की ऊंचाई... अचानक Indigo की फ्लाइट से टकराया गिद्ध, पायलट ने कराई इमरजेंसी लैंडिंग
punjabkesari.in Monday, Jun 02, 2025 - 06:28 PM (IST)

नेशनल डेस्क: सोमवार को पटना से रांची आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के पास एक गिद्ध से टकरा गया। इसके बाद पायलट ने तुरंत ही आपात लैंडिंग करवाई। फ्लाइट में करीब 175 यात्री थे, लेकिन सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक आर.आर मौर्य ने बताया कि यह घटना दोपहर 1.15 बजे की हुई। विमान एयरपोर्ट से करीब 10 से 12 समुद्री मील दूर और लगभग 3 से 4 हजार फीट ऊंचाई पर था, तभी गिद्ध से टकरा गया। पायलट ने फौरन सावधानी बरतते हुए आपात लैंडिंग करवाई।
यह विमान एयरबस 320 था, जो पटना से रांची आ रहा था और फिर कोलकाता जाना था। गिद्ध से टकराने के कारण विमान को नुकसान हुआ है। नुकसान का पता लगाने के लिए इंजीनियरों की टीम विमान की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इंडिगो एयरलाइंस की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। फिलहाल इस विमान को ग्राउंड कर दिया गया है और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।