ईरान युद्ध का असरः दुबई उड़ानों पर इंडिगो की नई पाबंदियां, 15-17 मार्च के बीच कई फ्लाइट्स प्रभावित
punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 07:57 PM (IST)
International Desk: पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब अंतर्राष्ट्रीय हवाई यातायात पर साफ दिखाई देने लगा है। इसी के चलते इंडिगो एयरलाइन ने रविवार को दुबई आने-जाने वाली उड़ानों पर अतिरिक्त प्रतिबंध और शेड्यूल में बदलाव की घोषणा की। एयरलाइन के अनुसार 15 से 17 मार्च के बीच संचालित होने वाली कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। कंपनी ने कहा कि पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते हालात के कारण दुबई के लिए उड़ानों के संचालन में बदलाव करना पड़ा है। इंडिगो ने अपने बयान में कहा कि यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांचनी चाहिए।
कंपनी ने यह भी बताया कि यात्रियों को उड़ानों में बदलाव की जानकारी SMS और ई-मेल के माध्यम से भेजी जा रही है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों की सहायता के लिए उसका कस्टमर कॉन्टैक्ट सेंटर 24 घंटे उपलब्ध है, जहां से वे अतिरिक्त जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कंपनी ने दोहराया कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी बीच स्पाइसजेट ने भी घोषणा की है कि वह संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह से भारत के लिए विशेष उड़ानें चला रही है।
एयरलाइन ने कहा कि दुबई के लिए उड़ानों पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण शेड्यूल में बदलाव हो सकता है।स्पाइसजेट यात्रियों को लगातार SMS और ई-मेल के जरिए अपडेट भेज रही है और उन्हें एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है। दूसरी ओर गल्फ एयर ने भी एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि बहरीन के हवाई क्षेत्र के बंद रहने के कारण कई उड़ानें अस्थायी रूप से सऊदी अरब के दमाम के रास्ते संचालित की जा रही हैं। एयरलाइन ने यह भी कहा कि उसने किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दमाम से लंदन, मुंबई और बैंकॉक के लिए उड़ानों की बुकिंग शुरू कर दी है।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान अमेरिका, इजरायल और ईरान द्वारा एक-दूसरे के ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाने से हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। इससे वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति पर भी खतरा मंडरा रहा है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए कई एयरलाइंस लगातार हालात की समीक्षा कर रही हैं और यात्रियों की सुरक्षा के लिए उड़ानों के रूट और समय में बदलाव कर रही हैं।
