हवा में कांपने लगा Air India का विमान! न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, 300 यात्रियों की अटकी सांसें
punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 09:08 AM (IST)
Air India A350 Emergency Landing : न्यूयॉर्क से दिल्ली की लंबी उड़ान पर निकले एयर इंडिया के विमान (फ्लाइट AI102) में तकनीकी खराबी के बाद हड़कंप मच गया। उड़ान भरने के करीब 6 घंटे बाद जब विमान अटलांटिक महासागर के ऊपर था तब उसमें अचानक तेज कंपन और डरावना शोर सुनाई देने लगा। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए पायलट ने विमान को तुरंत आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट (Shannon Airport) की ओर मोड़ दिया।
6 घंटे तक हवा में रहा खौफ का माहौल
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट्स के अनुसार विमान शैनन में उतरने से पहले लगभग छह घंटे तक हवा में रहा। इस दौरान यात्री गहरे तनाव में रहे। 15 मार्च को न्यूयॉर्क से रवाना हुआ यह विमान स्थानीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे आयरलैंड में सुरक्षित लैंड हुआ। एयर इंडिया ने बताया कि यह एक एहतियाती लैंडिंग थी ताकि किसी भी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।
नए विमान में खराबी ने खड़े किए सवाल
हैरानी की बात यह है कि जिस विमान में यह खराबी आई वह एयर इंडिया का बिल्कुल नया और अत्याधुनिक A350 मॉडल है। यह विमान अभी पिछले साल (अप्रैल 2024) ही बेड़े में शामिल किया गया था। नई तकनीक वाले इस विमान में अचानक कंपन और शोर की समस्या ने विशेषज्ञों और एयरलाइन की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल विमान शैनन एयरपोर्ट पर खड़ा है और इंजीनियर उसकी बारीकी से जांच कर रहे हैं।
एयर इंडिया का आधिकारिक पक्ष
एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा, "सुरक्षा मानकों के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। फ्लाइट AI102 को एहतियात के तौर पर डायवर्ट किया गया है। हमें यात्रियों को हुई असुविधा का खेद है।" एयरलाइन ने आश्वासन दिया है कि यात्रियों को दिल्ली पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।
