उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भूकंप के तेज झटके, लोगों में दहशत
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 09:36 PM (IST)
नेशनल डेस्क : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे घबराकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रात आठ बजकर सात मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई।
भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी से दो किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था जबकि इसकी गहराई 11 किलोमीटर नीचे थी। उत्तरकाशी शहर और यमुनोत्री घाटी में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। यमुनोत्री के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव के पुरोहित पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि भूकंप के तेज झटके से घरों में रखे टीवी हिलने लगे।
उन्होंने बताया कि अचानक धरती में तेज कंपन होने से लोग घबरा गए और बाहर निकल आए। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल कहीं से भी किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। चार दिन के अंदर प्रदेश में दूसरी बार रिक्टर पैमाने पर चार से अधिक तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया है। छह अक्टूबर को चमोली जिले में भी 4.9 तीव्रता का भूकंप आया था।
