UP में कुदरत का कहर: आंधी-तूफान और आसमानी बिजली ने मचाई भारी तबाही, 60 से अधिक लोगों की मौत

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 05:58 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश में बुधवार को कुदरत ने खौफनाक मंजर दिखाया। प्रदेश में आए भीषण आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है, जिसमें अब तक 63 लोगों की मौत होने की पुष्टि हो चुकी है। पेड़ गिरने, दीवार ढहने, बिजली गिरने और टीन शेड उड़ने जैसी घटनाओं में सैकड़ों लोग घायल हुए हैं और आशंका जताई जा रही है कि मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है,।

100 किमी की रफ्तार से आई 'मौत', तिनके की तरह उड़े घर
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम और दक्षिण राजस्थान की पूरवा हवाओं के कारण प्रदेश में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलीं,। दोपहर ढाई बजे के बाद शुरू हुआ यह बदलाव शाम तक एक बड़े तूफान में तब्दील हो गया, जिससे पेड़ उखड़ गए, साइन बोर्ड गिर गए और सड़कों पर खड़ी गाड़ियां मलबे में दब गईं।

प्रयागराज और भदोही में सबसे ज्यादा 'प्रलय'
तूफान का सबसे दर्दनाक चेहरा इन जिलों में देखने को मिला:

  • भदोही: यहां सबसे ज्यादा 10 लोगों की जान गई है।
  • प्रयागराज: जिले में कुल 17 मौतें दर्ज की गई हैं, जिनमें 5 महिलाएं, 4 बच्चे और 8 पुरुष शामिल हैं। हंडिया तहसील में 7, फूलपुर में 4, सोरांव में 3 और मेजा में 2 लोगों ने दम तोड़ा है। यहां 20 पशुओं की भी हानि हुई है और 16 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
  • फतेहपुर और उन्नाव: फतेहपुर में 8 और उन्नाव में 7 लोगों की मौत हुई है। उन्नाव में आम का पेड़ गिरने से 70 वर्षीय किसान और यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से 9 साल के मासूम की जान चली गई।
  • अन्य जिले: बदायूं में 6, बरेली में 4 और सीतापुर में 2 लोगों की मौत की खबर है।

बिजली गुल, यातायात ठप और 38 जिलों में संकट
तेज तूफान के कारण सैकड़ों बिजली के खंभे गिर गए, जिससे कई जिलों में पूरी रात अंधेरा छाया रहा और सड़क मार्ग बुरी तरह प्रभावित हुए। मौसम विभाग ने अभी खतरा टलने की बात नहीं कही है और लखनऊ, उन्नाव, प्रयागराज समेत 38 जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। अगले कुछ घंटों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News