स्टालिन ने कैग रिपोर्ट पर ‘‘चुप्पी'''' को लेकर मोदी पर साधा निशाना, कहा- भाजपा का सफाया होना चाहिए

punjabkesari.in Saturday, Sep 23, 2023 - 07:57 PM (IST)

नेशनल डेस्क: द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कैग (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) रिपोर्ट में उल्लेखित ''अनियमितताओं'' पर जवाब नहीं देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों पर शनिवार को निशाना साधा। स्टालिन ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सफाया होना चाहिए। उन्होंने लोगों से भाजपा की ‘‘सांप्रदायिक, विभाजनकारी, सत्तावादी और कॉर्पोरेट-संचालित राजनीति'' को समाप्त करने के लिए एकजुट होने का आग्रह किया। स्टालिन ने "स्पीकिंग फॉर इंडिया" पॉडकास्ट की दूसरी कड़ी में कैग रिपोर्ट को लेकर प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) को भ्रष्ट लोगों का गठबंधन बताने वाले मोदी से पूछता हूं कि कैग रिपोर्ट आपके शासन में भ्रष्टाचार को उजागर करती है। क्या आपने पढ़ा है कि रिपोर्ट क्या कहती है? क्या आपने विशेष सत्र में इस पर चर्चा की? क्या आपने जवाब भी दिया?'' पॉडकास्ट का शीर्षक, ‘‘7.5 लाख करोड़ रुपये की अनियमितताओं को उजागर करने वाली कैग रिपोर्ट और प्रधानमंत्री की चुप्पी'' था। द्रमुक प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ‘पांच सी' से बनी है, जो ‘‘कम्युनलिज्म (सांप्रदायिकता), करप्शन (भ्रष्टाचार), कॉर्पोरेट कैपिटलिज्म (कॉर्पोरेट पूंजीवाद), चीटिंग (धोखाधड़ी) और कैरेक्टर एसैसिनेशन (चरित्र हनन) है।''

उन्होंने कहा कि हालांकि, भाजपा प्रचार और विज्ञापनों के माध्यम से इसे छिपाने में कामयाब रही है, लेकिन ‘इंडिया' गठबंधन के नेता अब भाजपा को बेनकाब कर रहे हैं। स्टालिन ने कहा, ‘‘हम यह राजनीति के लिए नहीं कह रहे हैं। कैग रिपोर्ट साबित करती है कि हम वास्तविक डेटा के आधार पर तथ्यात्मक अंतरदृष्टि साझा कर रहे थे।'' उन्होंने कैग रिपोर्ट का हवाला देते हुए अयोध्या विकास परियोजना से लेकर आयुष्मान भारत योजना तक 7.5 लाख करोड़ रुपये की अनियमितता का आरोप लगाया।

2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना होगा: स्टालिन

स्टालिन ने कहा, ‘‘अभी तक न तो प्रधानमंत्री और न ही संबंधित केंद्रीय मंत्रियों ने इस पर कोई प्रतिक्रिया दी है। वे जवाब दे भी नहीं सकते। यही कारण है कि मोदी लोगों का ध्यान भटकाने के लिए तरह-तरह की राजनीति करते हैं।'' उन्होंने आरोप लगाया कि देश के लोगों को एहसास हो गया है कि मोदी गरीबों, दलितों, पिछड़े वर्गों, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के खिलाफ काम कर रहे हैं। स्टालिन ने कहा कि इसलिए 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को पूरी तरह से हराना होगा और लोगों को पार्टी की "सांप्रदायिक, विभाजनकारी, सत्तावादी और कॉर्पोरेट-संचालित राजनीति" को समाप्त करने के लिए एकजुट होना होगा।

कैग रिपोर्ट पर विस्तार से बताते हुए स्टालिन ने कहा कि जहां तक अयोध्या परियोजना का संबंध है, इससे (कैग रिपोर्ट से) पता चला है कि भाजपा एक "भ्रष्ट" पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वे सभी परियोजनाओं का नाम ऐसे शब्दों का उपयोग करके रखते हैं, जिनका आम लोग उच्चारण भी नहीं कर सकते और ऐसा इसलिए किया जाता है, ताकि कोई यह पता न लगा सके कि वास्तव में क्या चल रहा है। स्टालिन ने आरोप लगाया कि स्वदेश दर्शन परियोजना में कैग को करोड़ों रुपये की अनियमितताएं मिली हैं, जिससे प्रस्तावित ठेकों में गड़बड़ी का खुलासा हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News