श्रीलंका के पूर्व कप्तान की हत्या, घर में घुसकर पत्नी और बच्चों के सामने मारी गोली

punjabkesari.in Wednesday, Jul 17, 2024 - 02:53 PM (IST)

नेशनल डेस्क: श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर धम्मिका निरोशना की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उनके घर में घुसकर पत्नी और बच्चों के सामने गोली मारी। धम्मिका निरोशना गॉल के अम्बालनगोडा में रहते थे। धम्मिका की हत्या किसने की और इसके पीछे का क्या मकसद है... पुलिस अभी तक इन सवालों का जवाब नहीं ढूंढ पाई है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। 41 साल के क्रिकेटर धम्मिका निरोशना श्रीलंका के अंडर 19 टीम के कप्तान भी रह चुके हैं। 

क्रिकेट जगत में शोक की लहर
श्रीलंका की लोकल मीडिया के मुताबिक, जिस शख्स ने पूर्व श्रीलंकाई कप्तान को मारा है, उसने 12 बोर की बन्दूक का इस्तेमाल किया। जब यह घटना हुई तब पूर्व क्रिकेटर घर पर अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ मौजूद थे। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि किसके इशारे पर निरोशन पर गोली चलाई गई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। 

धम्मिका निरोशना का क्रिकेट करियर
धम्मिका निरोशना ने श्रीलंका की अंडर 19 टीम के लिए साल 2000 में डेब्यू किया था। उन्होंने करीब दो साल तक अंडर 19 टीम के लिए मैच खेले। वह दाएं हाथ के तेज गेंदबाज और लोअर ऑर्डर के बैट्समैन थे। उन्होंने 2001 से 2004 के बीच गॉल क्रिकेट क्लब के लिए 12 फर्स्ट क्लास मैच और 8 लिस्ट ए मैच खेले। उन्होंने 10 मैचों में कप्तानी भी की। 

एंजलो मैथ्यूज, उपल थरंगा जैसे श्रीलंका के कई बड़े स्टार खिलाड़ी अंडर 19 के दिनों में धम्मिका की कप्तानी में खेल चुके हैं। धम्मिका निरोशना ने दिसंबर 2004 में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। वहीं अब उनके हत्या की खबर सुनकर उनके फैंस भी काफी दुखी हैं। 

इरफान समेत इन भारतीयों के साथ खेला था क्रिकेट मैच 
साल 2002 में धम्मिका निरोशना की कप्तानी में श्रीलंका की अंडर 19 टीम भारत की अंडर 19 टीम के खिलाफ मैच खेल चुकी है। इसमें इरफान पठान, पार्थिव पटेल, स्टुअर्ट बिन्नी, मनविंदर बिस्ला जैसे खिलाड़ी खेले थे। हालांकि इस मैच में धम्मिका का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था वह न तो बल्लेबाजी में अपना खाता खोल पाए थे और न ही गेंद से कुछ कमाल दिखा पाए थे। वह मैच में विकेटलेस रहे थे। इस मुकाबले को टीम इंडिया ने छह विकेट के साथ अपने नाम किया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News