इस पूर्व क्रिकेटर की पत्नी का बड़ा आरोप: अवैध संबंध, शराब पीकर मारते थे, कई दिन भूखा रखा, मामला कोर्ट पहुंचा
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 09:19 AM (IST)
Amit Mishra Wife Allegation: कानपुर से खेल जगत और समाज को झकझोर देने वाली एक खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेट के घरेलू सर्किट और आईपीएल में अपनी पहचान बनाने वाले खिलाड़ी अमित मिश्रा एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। उनकी पत्नी गरिमा तिवारी ने उन पर और उनके पूरे परिवार पर प्रताड़ना, मारपीट और धोखे के गंभीर आरोप लगाते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। 9 मार्च 2026 को न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में दायर इस नए विवाद ने शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
35 वर्षीय मॉडल गरिमा तिवारी ने अतिरिक्त सिविल जज (सीनियर डिवीजन) की अदालत में शिकायत दायर की। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनके पति और ससुराल वालों द्वारा उन्हें लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया गया। शिकायत में अमित मिश्रा के अलावा उनकी मां बीना मिश्रा, पिता शशिकांत मिश्रा, भाई अमर मिश्रा, भाभी रीतु मिश्रा और बहन स्वाति मिश्रा को भी सह-आरोपी बनाया गया है।
गरिमा तिवारी ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उनकी और अमित मिश्रा की पहचान इंस्टाग्राम पर 2019 में हुई थी। लगभग तीन साल तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने 26 अप्रैल 2021 को कानपुर क्लब में शादी की। उनका आरोप है कि शादी के तुरंत बाद उनके पति और ससुराल वालों ने उनके परिवार पर एक होंडा सिटी कार और 10 लाख रुपये दहेज देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। उनके परिवार ने विदाई के समय 2.5 लाख रुपये की व्यवस्था की, लेकिन अधिक पैसे की मांग जारी रही।
गरिमा तिवारी का यह भी आरोप है कि अमित मिश्रा शराब के नशे में अक्सर उनके साथ मारपीट करते थे, गाली-गलौज करते थे और कभी-कभी उन्हें कई दिनों तक बिना खाना दिए रखते थे। उन्होंने कहा कि क्रिकेटर उनकी मॉडलिंग से कमाई गई रकम भी अपने पास रख लेते थे और अक्सर उन्हें तलाक की धमकी देते थे। शादी के एक साल बाद अमित के कई युवतियों से इंस्टाग्राम चैटिंग के स्क्रीनशॉट मिले।
उन्होंने बताया कि लगातार उत्पीड़न के कारण वह डिप्रेशन में चली गईं और उन्हें अपनी मॉडलिंग करियर भी छोड़ना पड़ा। तिवारी ने यह भी दावा किया कि एक बार उन्होंने फिनाइल पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस से संपर्क किया, यहां तक कि पुलिस कमिश्नर के कार्यालय भी गईं, लेकिन अमित मिश्रा के प्रभाव के कारण FIR दर्ज नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया। उनके वकील करीम अहमद सिद्दीकी ने कहा कि पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने के बाद यह शिकायत अदालत में दायर की गई।
यह तिवारी द्वारा अमित मिश्रा के खिलाफ दर्ज किया गया तीसरा मामला है।
-21 अप्रैल 2025 को उन्होंने घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था।
-23 अप्रैल 2025 को उन्होंने मेंटेनेंस याचिका दाखिल कर 50,000 रुपये मासिक भत्ता और 1 करोड़ रुपये मुआवजा की मांग की थी। अधिकारियों के अनुसार, अदालत जल्द ही इस मामले की प्रारंभिक सुनवाई करेगी।
